Sambhal News: संभल के खटैटा गांव में होली मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया जब छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने छत पर चढ़कर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
Molestation Case Sambhal Holi:उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली के मौके पर रंगों का त्योहार अचानक तनाव और हिंसा में बदल गया। चंदौसी तहसील के कोड फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के खटैटा गांव में होली मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पत्थरबाजी में तब्दील हो गया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव निवासी भारत पुत्र जसवंत और प्रदीप पुत्र कुलदीप के बीच होली मिलने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदीप ने भारत को शराब के नशे में देखकर घर जाने की सलाह दी। इसी बात पर विवाद गहरा गया। आरोप है कि नशे में धुत भारत ने गुस्से में आकर प्रदीप की पत्नी का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस हरकत का जब परिवार और आसपास के लोगों ने विरोध किया तो मामला और भड़क गया।
छेड़छाड़ का विरोध होते ही भारत अपने घर की ओर भागा और छत पर चढ़ गया। वहां से उसने नीचे खड़े लोगों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। अचानक हुई पत्थरबाजी से गांव में दहशत फैल गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में छिपने लगे। पत्थरों की चपेट में आने से अमरेश पुत्र विजय सिंह, शिवानी पुत्री आनंद और शीनू पत्नी ओमपाल समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
घायलों में शीनू पत्नी ओमपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वह बदायूं जनपद के बढ़ेपुरा गांव की निवासी हैं और होली के अवसर पर अपने मायके पक्ष के लोगों से मिलने आई थीं। पत्थर लगने से उनके सिर में गहरी चोट आई, जिसके चलते अस्पताल में पांच टांके लगाने पड़े। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी लोकेंद्र त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की जाएगी।