सम्भल

संभल में प्रेम संबंध को लेकर युवक की हत्या, धनकुट्टा से हमला कर उतारा मौत के घाट, पुलिस जांच में जुटी

Sambhal Crime: संभल के कमालपुर गांव में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की धनकुट्टा से हमला कर हत्या का मामला सामने आया है। स्वजनों ने प्रेमिका के चचेरे भाई समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
3 min read
Jul 18, 2026
sambhal love affair youth murder dhankutta attack
संभल में प्रेम संबंध को लेकर युवक की हत्या

Sambhal Murder News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पर धनकुट्टा (धान कूटने वाले पारंपरिक उपकरण) से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम संबंध को लेकर चल रहा था विवाद

गांव कमालपुर निवासी उदयवीर सिंह खेतीबाड़ी का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका पांच माह का एक बच्चा भी है। परिजनों के अनुसार, उदयवीर का रजपुरा थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके के एक गांव निवासी युवती से करीब पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती की करीब डेढ़ साल पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी थी। इसी प्रेम संबंध को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब एक साल पहले पंचायत भी हुई थी।

सिंचाई के लिए ट्यूबवेल मालिक का आया था फोन

परिजनों के मुताबिक, उदयवीर अपने खेत की सिंचाई के लिए प्रेमिका के गांव के रहने वाले एक किसान के ट्यूबवेल का इस्तेमाल करता था। दोनों के खेत आसपास होने के कारण वह अक्सर वहीं से पानी लगाता था। शनिवार सुबह करीब छह बजे ट्यूबवेल मालिक ने खेत में सिंचाई करने के लिए उदयवीर को फोन किया। फोन आने के बाद उदयवीर बाइक से खेत की ओर चला गया। इसके कुछ समय बाद ही घटना ने नया मोड़ ले लिया।

दो घंटे बाद मिली युवक की पिटाई की सूचना

परिजनों ने बताया कि करीब दो घंटे बाद ट्यूबवेल मालिक का दोबारा फोन आया। इस बार उसने उदयवीर के साथ मारपीट होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। उदयवीर की बहन गीता भी घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां उन्होंने भाई को गंभीर हालत में पाया। आरोप है कि उदयवीर पर धनकुट्टा से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने तीन लोगों पर लगाए हत्या के आरोप

मृतक के स्वजनों ने प्रेमिका के चचेरे भाई, उसके पिता और ट्यूबवेल मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि प्रेम संबंध को लेकर रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में पुलिस टीम द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस टीम

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, युवक की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Updated on:
18 Jul 2026 02:46 pm
Published on:
18 Jul 2026 02:46 pm