सम्भल

संभल में होली-जुलूस के दौरान मस्जिदों की सुरक्षा: प्रशासन ने उठाए संवेदनशील इलाकों में विशेष कदम!

Sambhal News: संभल में होली और रमजान एक साथ होने के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। शहर के संवेदनशील इलाकों में 10 मस्जिदों और चार मदरसों को त्रिपाल और पन्नी से ढककर रंग-गुलाल से बचाया गया।

2 min read
Mar 03, 2026
संभल में होली-जुलूस के दौरान मस्जिदों की सुरक्षा..

Mosques covered holi Sambhal: संभल शहर में होली पर्व और रमजान माह एक साथ आने के कारण प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए विशेष एहतियाती कदम उठाए हैं। संभल कोतवाली, थाना नखासा, थाना हयातनगर और थाना रायसत्ती क्षेत्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। प्रशासन ने जुलूस मार्गों में आने वाले धार्मिक स्थलों को पहले ही ढक दिया है ताकि रंग-गुलाल से किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान न पहुंचे।

ये भी पढ़ें

बिजनौर में गूंजा ‘होली है’ का जयघोष: 1885 स्थानों पर जली होलिका, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस!

मस्जिदों और मदरसों को ढकने की व्यवस्था

जुलूस मार्ग में आने वाले कुल 10 धार्मिक स्थल और चार मदरसे प्रशासन की सतर्क नजर में हैं। इनमें शाही जामा मस्जिद और श्रीहरिहर मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्थल शामिल हैं। इन सभी को काली पन्नी और नीले-सफेद त्रिपाल से ढक दिया गया है, ताकि जुलूस के दौरान होली का रंग सीधे दीवारों या ढांचों पर न लगे और धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

27 मजिस्ट्रेटों की निगरानी और ड्यूटी

शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए 27 मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी तय की गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि रमजान और होली के एक साथ आने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि एकादशी के जुलूस के दौरान भी मार्ग में आने वाली मस्जिदों को पन्नी से ढककर सुरक्षित किया गया था।

सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील

सभासद गगन वार्ष्णेय ने प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि जब रंग खेला जाता है तो वह चारों ओर फैलता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे किसी की भावनाएं आहत नहीं होंगी और सांप्रदायिक सौहार्द बना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि रमजान और होली के पावन अवसरों पर यह सुनिश्चित करेगा कि दोनों समुदाय अपने-अपने पर्व अच्छे से मना सकें।

प्रशासन और पुलिस की सक्रिय भूमिका

अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान में रमजान का महीना चल रहा है और होली का पर्व भी नजदीक है। संभल शहर में विभिन्न स्थानों पर होली के जुलूस निकाले जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एकादशी के जुलूस मार्ग में पड़ने वाली मस्जिदों को पहले ही पन्नी से ढका गया था, और अब होली के जुलूस मार्ग में आने वाली मस्जिदों को भी सुरक्षा कवच दिया जा रहा है।

नगर पालिका और प्रशासन का संयुक्त प्रयास

डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि परंपरागत तरीके से होली के जुलूस के रास्ते में पड़ने वाले मस्जिदों को ढका जा रहा है। यह कार्रवाई नगर पालिका द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति ऐतिहाद के तौर पर स्वयं अपने धार्मिक स्थल को ढकना चाहता है, तो उसे भी अनुमति है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि संभल शहर में 10 से अधिक मस्जिदों को त्रिपाल से कवर किया गया है, ताकि उनके ऊपर रंग न पड़े और किसी समुदाय की भावनाएं आहत न हों।

Also Read
View All

अगली खबर