
Shivling Viral News:संभल की शहर की गणेश कॉलोनी में सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एक घर के बाहर बने बगीचे में बेलपत्र तोड़ने गई महिला को जमीन के भीतर शिवलिंग जैसी आकृति वाला पत्थर दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां पूजा-अर्चना शुरू हो गई और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।
गणेश कॉलोनी की गली नंबर 10 निवासी गुड़िया रोज की तरह सुबह अपने घर के सामने बने बगीचे में पूजा के लिए बेलपत्र लेने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर जमीन से थोड़ा बाहर निकले काले रंग के पत्थर पर पड़ी। पहले तो उन्होंने उसे सामान्य पत्थर समझकर हटाने की कोशिश की, लेकिन जैसे-जैसे आसपास की मिट्टी हटाई गई, उसका आकार शिवलिंग जैसा नजर आने लगा।
महिला ने काफी प्रयास किया, लेकिन पत्थर अपनी जगह से नहीं हिला। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में कॉलोनी के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने जब उस पत्थर को ध्यान से देखा तो कई लोगों ने उसे शिवलिंग जैसा बताया। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई।
स्थानीय लोगों ने श्रद्धा के साथ वहां जल, दूध, फूल और बेलपत्र चढ़ाना शुरू कर दिया। "हर-हर महादेव" और "जय भोलेनाथ" के जयकारों के बीच महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी शुरू कर दिया। पूरे इलाके का माहौल भक्तिमय हो गया और दर्शन के लिए लोगों का आना लगातार जारी रहा।
मौके पर मौजूद कई लोगों का कहना है कि जहां बेलपत्र का पौधा हो और वहीं जमीन से शिवलिंग जैसी आकृति दिखाई दे, इसे वे भगवान शिव की कृपा और आस्था का प्रतीक मानते हैं। हालांकि, इस पत्थर की प्रकृति या उत्पत्ति को लेकर किसी प्रशासनिक या विशेषज्ञ संस्था की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं, जबकि स्थानीय प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।