
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे संत कबीर नगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के कुसौना खुर्द में रेल पटरियों को बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही वहां परिजन पहुंचे और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेंहदावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कुसौना खुर्द निवासी प्रभास (8) पुत्र परविंदर और कुनाल (6) पुत्र विष्णु के रूप में हुई है। कुनाल अपने नाना मुराली के घर कुसौना खुर्द में आया हुआ था, जबकि उसका स्थायी निवास ग्राम महुई, थाना धर्म सिंहवा, जनपद संत कबीर नगर है।
बच्चों के पानी में डूबने की खबर जैसे ही बीजेपी विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी को मिली उन्होंने CO मेहदावल से पूरे मामले की जांच करके मुकदमा दर्ज करने को कहा। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चे ग्राम कुसौना खुर्द और ग्राम परसा पांडे के बीच बन रही नई रेलवे लाइन के किनारे खोदे गए गड्ढे में पानी के पास गए थे। आशंका है कि बच्चे खेलते समय फिसलकर गिर गए और गड्ढे में भरे पानी में डूब गए।
बच्चों के साथ रेलवे लाइन के किनारे गए तीसरे किशोर ने दौड़कर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला और सीएचसी मेंहदावल ले गए। घटना की सूचना मिलने पर CO सर्वदमन सिंह, तहसीलदार अल्पिता वर्मा और स्थानीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी भी अस्पताल पहुंचे।
इस हादसे पर स्थानीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यदि गड्ढा खोदने में लापरवाही बरती गई है और वहां कोई संकेतक बोर्ड नहीं लगाया गया था तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने CO को निर्देश दिए कि यदि ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए।
जिले में गुरुवार और शुक्रवार का दिन काफी दुखद रहा है, बता दें कि गुरुवार को धान की रोपाई कर रहे किसानों पर आकाशीय बजली गिर गई। बिजली गिरने से एक छात्र, एक किशोरी और एक अधेड़ महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। एक घंटे के भीतर हुई 3 मौतों की खबर से एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित स्वजनों को ढांढस बधाते हुए आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।