सतना

कहां विस्फोट की तैयारी…! सतना में 1120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी होने बाद पुलिस जांच तेज

Detonators stolen: जेपी सीमेंट प्लांट की मैगजीन से 10-15 नकाबपोश बदमाशों ने देर रात 1120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और तांबे की पट्टी चोरी कर ली। पुलिस बुधवार सुबह से जांच में जुटी हुई है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 1:10 PM IST
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source- magnific)

Satna news: मध्यप्रदेश के सतना शहर में रामस्थान स्थित भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट की मैगजीन में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए 10 से 15 नकाबपोश बदमाश विस्फोटक सामग्री चोरी कर ले गए। देर रात हुई इस वारदात में बदमाश 1120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और तांबे की पट्टी लेकर फरार हो गए। विस्फोटक सामग्री की इतनी बड़ी मात्रा में चोरी से सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार सुबह यानि आज पुलिस ने एक बार फिर घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच आगे बढ़ाई है। हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि कहीं विस्फोट की तैयारी तो नहीं की जा रही। बता दें कि इलेक्ट्रिक करंट की मदद से किसी बड़े या कम संवेदनशील विस्फोटक को सक्रिय करके उसमें विस्फोट की शुरुआत करना है। खनन (माइनिंग), उत्खनन और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले मुख्य विस्फोटक सामान्यतः सुरक्षित और स्थिर होते हैं, इसलिए उन्हें चलाने के लिए डेटोनेटर की ज़रूरत पड़ती है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से खदानों, सुरंगों और सिविल इंजीनियरिंग के ब्लास्टिंग कार्यों में किया जाता है।

मौके से भाग निकले बदमाश

पुलिस को इस वारदात में खनन माफिया की संलिप्तता की आशंका भी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बीती रात करीब साढ़े दस बजे बाबूपुर चौकी को मैगजीन से विस्फोटक सामग्री चोरी होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों से पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि बदमाश बाउंड्री के मुख्य गेट को फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वे सीधे उस स्थान तक पहुंच गए, जहां विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले।

अंधेरे का फायदा, गार्डों को भनक तक नहीं लगी

चौकी प्रभारी शुभम नागभिरे के अनुसार मैगजीन परिसर की सुरक्षा के लिए दो निजी गार्ड तैनात हैं। पूछताछ में गार्डों ने बताया कि रात में काफी अंधेरा होने के कारण उन्हें बदमाशों के अंदर घुसने की भनक तक नहीं लगी। वारदात में करीब 15 नकाबपोश बदमाशों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें

सीमेंट प्लांट की मैगजीन से विस्फोटक सामग्री चोरी होने का यह पहला मामला नहीं है। सतना और मैहर जिले में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस वारदात ने विस्फोटक सामग्री के भंडारण और उसकी सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चोरी होने के बाद पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने के साथ चोरी गई सामग्री का पता लगाने की भी चुनौती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Updated on:
25 Nov 2026, 1:10 PM IST
Published on: