
मध्यप्रदेश के सतना में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कामता टोला में हाईराइज बिल्डिंग में आग लगने से शुक्रवार को इलाके में अफरातफरी मच गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी थी और आग में तीन बच्चे फंसे हुए थे। बिल्डिंग से आग की लपटें उठते देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचा दी गई। इसके बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। 8 दमकलों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया व बिल्डिंग में फंसे तीनों बच्चों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी है वो बताया जा रहा है कि यह बिल्डिंग रेखा गुप्ता पति राम नरेश गुप्ता की है। जो बजरंग तंबाकू के बड़े कारोबारी हैं। नीचे गोडाउन और ऊपर परिवार रहता था। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण एसी का कंप्रेशर फटना है। हालांकि ऊपरी मंजिल में सोलर पैनल भी लगा हुआ था, इसलिए आग को काबू करने में काफी मशक्कत हुई है। पुलिस और फायर कर्मियों ने मिलकर आग के बीच फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। बिल्डिंग से पूजा सोंधिया, कमल सोंधिया और पवन कुशवाहा को जिंदा बचाते हुए जिला अस्पताल भेजवाया गया है। तीनों का स्वास्थ्य ठीक है, फिर भी उन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। SDM सिटी राहुल सिलाड़िया और CSP देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान द्वारा जिला अस्पताल में जाकर अग्नि घटना में प्रभावितों का कुशलक्षेम लिया गया।
देखें वीडियो-
बिल्डिंग में लगी आग पर काबू पाने के बाद आसपास के मकानों को खाली कराया गया है। अधिकारी लगातार अनाउंसमेंट कर आसपास के मकानों से दूर रहने की अपील लोगों से की जा रही है। ताकि कोई मकान गिरने की स्थिति में कोई दुर्घटना ना हो, अभी तक कोई हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी थी वहां तंबाकू का कारोबार होता था, इससे सवाल उठ रहा है कि रेसीडेंसियल इलाके में कारोबार कैसे किया जा रहा था।