सतना

सतना में पुलिसवाले ने किया एडवोकेट के बेटे का अपहरण, मांगी 50 हजार की फिरौती

Satna news: एडवोकेट के बेटे का चाकू की नोक पर अपहरण कर 50 हजार रुपये फिरौती मांगी गई, परिजनों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि तीन फरार हो गए।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 1:30 PM IST
पुलिसकर्मी विवेक सिंह और उसका पहचान पत्र, (Photo Source - Patrika)
पुलिसकर्मी विवेक सिंह और उसका पहचान पत्र, (Photo Source - Patrika)

Satna news: मध्यप्रदेश के सतना जिले में चाकू की नोक पर एडवोकेट के बेटे का अपहरण कर 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी की और अपहरण में शामिल एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पकड़ा गया आरोपी पुलिसकर्मी है, जो रैगांव थाने में पदस्थ बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।

गंभीर हो सकता है मामला

जानकारी के मुताबिक रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में माधवगढ़ स्थित डी पॉल स्कूल के पास से ऋषभ सिंह (38), पिता नरेंद्र बहादुर सिंह, निवासी टिकुरिया माधवगढ़ का चाकू की नोक पर अपहरण किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को बंधक बनाने के बाद उसके परिजनों से 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी। इसी बीच परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने घेराबंदी कर अपहरण में शामिल एक व्यक्ति को दबोच लिया। हालांकि, उसके साथ मौजूद तीन अन्य आरोपी भागने में सफल रहे।

पकड़े गए पुलिसकर्मी की पहचान विवेक सिंह के रूप में बताई गई है। वह रैगांव थाने में पदस्थ है और अनुकंपा नियुक्ति पर पुलिस विभाग में आया था। बताया गया है कि पिछले छह माह से वह एसपी के विशेष दस्ता अभियान के तहत गठित ‘सुपर 30’ में सतना में कार्यरत है। एक पुलिसकर्मी का इस तरह की वारदात में शामिल होने का आरोप सामने आने से मामला गंभीर हो गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों ने पुलिसकर्मी को चाकू के साथ पकड़ रखा है। पूछताछ में आरोपी पुलिसकर्मी उत्कर्ष सिंह के नाम का जिक्र कर रहा है। वहीं खुद को निर्दोष बता रहा है। हालांकि, अपहरण और फिरौती मांगने के पीछे आरोपियों की वास्तविक मंशा क्या थी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। फरार तीन आरोपियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम के संबंध में भी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी प्रकरण की जांच की बात कहकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

Updated on:
26 Nov 2026, 1:30 PM IST
Published on: