वाया कोठी मझगवां होते हुए यूपी की पकड़ी राह पुलिस को जल्द ही मामला खोलने का भरोसा
सतना। भाठिया शराब कंपनी के कैशियर को बैंक के सामने गोली मारकर 22 लाख रुपये लूट कर भागे लुटेरों के पीछे सतना पुलिस हाथ पैर धोकर पड़ गई है। पुलिस को भरोसा भी है कि जल्द ही मामले का खुलासा होने के साथ आरोपी उनके कब्जे में होंगे। इसके लिए लगातार पुलिस की टीमें सतना-रीवा सहित पड़ोसी राज्यों की खाक छान रही हैं। हालांकि पुलिस ने लुटेरों की ज्यादातर साजिश की परतें खोलने में कामयाबी पा ली है और अब उनके पीछे चल पड़ी है। पुलिस अब लूट के बाद से लेकर सतना से भागने के पूरे रास्ते को खोलने में सफल हो गई प्रतीत हो रही है।
बरदाडीह से सतना-रीवा बाइपास
पुलिस जिस तरीके से जांच कर रही है उससे यह तो स्पष्ट हो गया है कि पुलिस के हाथ काफी कुछ लग चुका है। मिली जानकारियों को सही माने तो लुटेरों ने सतना में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइकों से बरदाडीह होते हुए बरदाडीह शुक्ला की दिशा में गए। फिर वे घूमते चक्कर लगाते हुए सतना-रीवा बाईपास पहुंचे। यहां पर उनके साथी पहले से कार के साथ मौजूद थे। लुटेरों ने आनन फानन में बाइक बदलते हुए कार में सवार हुए। इसके जरिए वे कोठी होते हुए मझगवां होकर आगे ग्रामीण इलाकों वाला रास्ता पकड़ यूपी निकल गए।
कंपनी के पुराने रिश्ते
माना जा रहा है कि इस घटना में जो भी लोग शामिल हैं उनका शराब कंपनी से कहीं न कहीं पुराना रिश्ता रहा है। कंपनी से इनके रिश्ते बने बिगड़े रहे हैं। कुछ के मामलों में तो कंपनी ने इनके विरुद्ध सख्ती भी दिखाई। इसी थ्योरी को लेकर पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रखी है और संदेहियों की तलाश की जा रही है।
कलेक्ट्रेट वाली बाइक से दिया इशारा
लुटेरों की गैंग ने कलेक्ट्रेट से जो बाइक चुराई थी उसका इस्तेमाल लूट करने वाली गैंग को इशारा देने के लिए किया। शहर के आला लोगों की माने तो इस चोरी की बाइक में बैठे लोगों ने लोटस सिटी से निकलने वाली वैन की सूचना सर्किट हाउस चौक के पास खड़े लुटेरों को सूचना देने के लिए किया था। जैसे ही वैन निकली और लुटेरों को यह सूचना मिल गई तो लुटेरे बैंक के सामने पहुंच गए।
यूपी बिहार से मिल सकती है सफलता
सतना पुलिस की 20 के लगभग टीमें भाग दौड़ में जुटी हुई है। ज्यादातर का फोकस इस समय उत्तर प्रदेश और बिहार की दिशा में है। ऐसे में माना जा रहा है कि आरोपी गोप, प्रजेश संबंधित हो सकते हैं। हालांकि अभी पुलिस इस सब पर चुप्पी साध रखी है और कुछ भी बोलने से बच रही है। लेकिन जिस तरह की तेजी दिख रही है उससे लग रहा है कि जल्द ही पुलिस आरोपियों को पकड़ने में सफल हो सकती है।