सतना

नम आंखों से अटल जी को हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि, टाउन हॉल में रखा गया अस्थि कलश

नम आंखों से अटल जी को हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि, टाउन हॉल में रखा गया अस्थि कलश
2 min read
• •
Updated: 25 Aug 2018, 3:26 PM IST
Asthi Kalash Yatra of Atal bihari Vajpayee in satna rewa and sidhi
Asthi Kalash Yatra of Atal bihari Vajpayee in satna rewa and sidhi

सतना। भारतरत्न से सुशोभित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा देर रात सतना पहुंची। कटनी जिला की सीमा तक राज्य मंत्री संजय पाठक ने अस्थि कलश यात्रा का नेत्रत्व किया। सतना जिला में प्रवेश के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह कलश लेकर चल रहे रथ पर सवार हो गए। जगह-जगह लोग अस्थि कलश के दर्शनकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

बारिश के बावजूद अटल जी के चाहने वाले लोग देर रात तक अस्थि कलश यात्रा के इंतजार में खड़े रहे। ये यात्रा शुक्रवार की रात लगभग 10.30 बजे मैहर पहुंची और फिर मैहर के रास्ते उचेहरा होते हुए सतना पहुंची। जहां देर रात टाउन हॉल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। नम आंखों से हजारों लोगों ने अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला।

खचाखच भरा रहा टाउन हॉल
अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा को देखने हजारों लोगों का हुजूम देर रात टाउन हॉल में टूट पड़ा। अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। शीर्ष भाजपा नेताओं सहित अन्य दलों के लोगों ने भी अस्थि कलश को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। सांसद गणेश सिंह और विधायक शंकरलाल तिवारी की मौजूदगी में खचाखच भरे टाउन हाल में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखा और अटलजी के चित्र को पुष्प भी अर्पित किया।

बदेरा से हुआ अस्थि कलश यात्रा का प्रवेश
सतना पहुंची अस्थि कलश यात्रा का प्रवेश बदेरा से हुआ। जहां अगुवानी भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी समेत तमाम नेताओं ने की। फिर यात्रा मैहर, उचेहरा और देर रात सतना टाउन हॉल पहुंची। कार्यक्रम समापन के बाद रात में अटल कलश को भाजपा कार्यालय में रखा गया। सुबह यात्रा रीवा रवाना होने से पहले अस्थियां टाउन हॉल में रखकर यात्रा रथ रीवा के लिए रवाना कर दिया गया।

ये भाजपा नेता हुए शामिल
अस्थि कलश यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, सांसद गणेश सिंह, सतना विधायक शंकरलाल तिवारी, भाजपा उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रश्मि सिंह, श्रीराम मिश्रा, कमलेश सुहाने, संजय राय, रविशंकर द्विवेदी, शशि मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपाई एवं आमजन सतना जिले में प्रवेश के लिए प्रतीक्षारत रहे।

Published on: