
Maihar BJP Leader Fight Video: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में भाजपा के एक बड़े कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब सांसद और पूर्व मंत्री के सामने ही मंच पर मारपीट हो गई। मंच संचालन कर रहे भाजपा के मंडल महामंत्री को पूर्व मंत्री के भाई ने मंच पर चढ़कर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद मंच पर दोनों के बीच मारपीट हुई, मामला थाने तक भी पहुंच गया है। महामंत्री ने पूर्व मंत्री के भाई पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है।
देखें वीडियो-
मैहर जिले के ताला में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेमिसाल 12 साल पूरे होने को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। एक रिसोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद थे। मंच का संचालन मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी कर रहे थे। इसी दौरान मंच पर पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल आ गए और उन्होंने मंच संचालन कर रहे मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम में सनाका खिंच गया। घटना की लिखित शिकायत महामंत्री मनीष ने ताला थाने में की है।
भाजपा के कार्यक्रम में मंच पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कार्यक्रम का संचालन ताला मंडल के महामंत्री मनीष चतुर्वेदी कर रहे थे। तभी मंच के नीचे से विजय पटेल मंच पर आ गए। महामंत्री से माइक छुड़ाकर मारपीट करने लगे। इस दौरान दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। हालांकि बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कराया और मामले को शांत कराया।
मारपीट की इस घटना की लिखित शिकायत मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी ने ताला थाने में की है। मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि विजय पटेल के मारने से उनके कान में चोट आई है। उन्होंने विजय पटेल के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने शिकायती आवेदन थाने में दिया है। पुलिस ने शिकायत आवेदन को ले लिया है लेकिन मामला दर्ज किया है कि नहीं फिलहाल इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं भाजपा के कार्यक्रम में मंच पर हुई मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस को बैठे बिठाए मुद्दा मिल गया है और कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है।