
Satna Crime: मध्यप्रदेश के सतना में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना महादेवा रोड की है जहां बच्ची को स्कूल छोड़कर आ रही महिला को बाइक सवार तीन बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। बदमाश महिला से उसका पर्स छीनकर ले गए हैं, पर्स में सोने की चेन व नकद रुपये रखे हुए थे। पीड़िता के मुताबिक आरोपी अपाचे बाइक से आए थे, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों का पता लगाने की कोशिश पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता कविता सिंह शुक्रवार सुबह अपनी 6 साल की बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं। इसी दौरान क्रिस्टीकला स्कूल रोड पर बाइक से आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कविता सिंह को धमकी दी और बेटी को नुकसान पहुंचाने की बात कही। इससे कविता डर गई, इसी दौरान बदमाशों ने उससे पर्स छीना और फरार हो गए। पीड़िता कविता सिंह के मुताबिक पर्स में करीब 7 ग्राम वजनी सोने की चेन और एक हजार रुपये नकद रखे थे।
बदमाशों के भागने के बाद पीड़िता कविता सिंह ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिससे बदमाशों का सुराग मिल सके। इस घटना के बाद शहर में बेखौफ हो रहे बदमाशों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं हैं और लोगों ने जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की है।