सतना

सतना में आफत की बारिश, भाजपा कार्यालय में भरा पानी, कांग्रेस ने ली चुटकी

Satna Flood : जिले में बाढ़ के बिगड़े हालातों का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि, यहां भाजपा दफ्तर में ही पानी भरा हुआ है। गुरुवार को कांग्रेस ने बीजेपी कार्यालय में जल भराव का वीडियो शेयर कर इसपर चुटकी ली है।
2 min read
Sep 03, 2026
Satna Flood
सतना के भाजपा कार्यालय में भरा पानी (फोटो सोर्स: सजल गुप्ता)

Satna News :मध्य प्रदेश के सतना में जारी भारी बारिश से हालात बेकाबू हैं। बीते चार दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के साथ-साथ जिलेभर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। भारी बारिश के चलते खासतौर पर चित्रकूट में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसके अलावा, जिले भर से भी कई हैरान कर देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। बिगड़े हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, क्षेत्र के भाजपा कार्यालय में ही इस वक्त 4 फीट से अधिक पानी भरा हुआ है। इसी बीच गुरुवार को कांग्रेस ने बीजेपी कार्यालय में जल भराव का वीडियो शेयर कर चुटकी ली है।

सतना जिले के बीजेपी दफ्तर के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। भारी बारिश का असर सतना शहर के बरदाडीह इलाके में साफ दिखाई दे रहा है। जहां कई हिस्सों में पानी भर गया है और क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश होने से पानी की निकासी प्रभावित हुई है। बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख और आंतरिक सड़कों पर पानी जमा हो गया है।

सुप्रिया श्रीनेत ने शेयर किया वीडियो

इधर, बीजेपी दफ्तर में पानी भरने के हालात को लेकर गुरुवार को कांग्रेस की ओर से भी चुटकी ली गई है। कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'चित्रकूट में बीजेपी कार्यालय डूब चुका है। पानी निकलवाने के लिए नेता लोग जुगाड़ लगा रहे हैं। कॉमेंट्री ज़रूर सुनिए।'

कांग्रेस बोली- जनता का दर्द सझ नहीं आता शायद अपना आ जाए

वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी यही वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, 'सरकार की बदइंतजामियों का खामियाजा जनता तो भुगत ही रही है। अब संगठन भी इस सूची में आ गया है। सतना भाजपा कार्यालय में पानी भर गया है। नेताओं की सेटिंग, जुगाड़, घालमेल सब धरा रह गया और पानी भाजपा कार्यालय में घुस गया। भाजपा को जनता का दर्द तो समझ नहीं आता शायद अपना ही आ जाए?'

जल भराव के चलते रुक सा गया जिला

सतना के भाजपा कार्यालय में भरा पानी (फोटो सोर्स: सजल गुप्ता)

फिलहाल, जिलेभर में निचले इलाकों में सड़कें जलमग्न है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह वाहन धीमी गति से गुजरते नजर आए। वहीं, घरों में तक पानी भरा हुआ है। लगातार बारिश के चलते शहर में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हैं। बाजारों और व्यस्त इलाकों में लोगों की आवाजाही ना के बराबर ही देखने को मिल रही है। जल भराव के चलते लगभग पूरा जिला ही रुक सा गया है।

Updated on:
03 Sept 2026 06:04 pm
Published on:
03 Sept 2026 06:04 pm