
Maihar Hotel Death Case: मध्यप्रदेश के मैहर में होटल में हुई युवती की संदिग्ध मौत का मामला सस्पेंस बना हुआ है। मंगलवार को युवती का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया लेकिन अभी तक मौत का कारण सामने नहीं आ पाया है। युवती अपना 22वां जन्मदिन मनाने के लिए भाई-बहन व दोस्तों के साथ रविवार-सोमवार की रात मैहर पहुंची थी और एक होटल में सभी रुके थे। होटल पहुंचने के करीब एक घंटे बाद ही युवती की अचानक तबीयत बिगड़ी और जब तक दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचे उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जबलपुर के दीनदयाल आईटीआई के पास रहने वाली 21 वर्षीय प्राची विश्वकर्मा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे अपने भाई-बहन व दोस्तों के साथ चित्रकूट एक्सप्रेस पहुंची थी। सभी ने देवाजी रोड स्थित आस्था यात्री निवास में तीन कमरे बुक किए और उनमें ठहरे थे। होटल में पहुंचने के करीब एक घंटे बाद ही प्राची की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। प्राची की तबीयत बिगड़ने पर उसे साथी तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
बताया गया है कि प्राची का मंगलवार को जन्मदिन था और वो अपना जन्मदिन मनाने के लिए ही दोस्तों के साथ मैहर गई थी। घटना का पता चलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस मृतका के साथ जबलपुर से आए लोगों के अलावा आस्था यात्री निवास के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।