सतना

VIP दर्शन पर प्रतिबंध के बावजूद मंत्री ने गर्भगृह में की पूजा, Video Viral

Minister Radha Singh Video viral: जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद, प्रभारी मंत्री ने मैहर में शारदा माता मंदिर के गर्भगृह के अंदर पूजा की। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे भक्तों में व्यापक आक्रोश है।
2 min read
Mar 25, 2026
Minister Radha Singh Video viral of Performing Puja in Sharda Mata Temple Sanctum mp news
Minister Radha Singh Performs Puja in Sharda Mata Temple Sanctum (फोटो- Patrika.com)

MP news:मैहर की प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह के वीवीआइपी दौरे ने भक्तों की नाराजगी बढ़ा दी। दरअसल, नवरात्र पर्व के दौरान प्रतिदिन 40-50 हजार लोग देशभर से दर्शन को पहुंच रहे है। मंगलवार को मैहर की प्रभारी मंत्री राधा सिंह के मंदिर दर्शन को लेकर भक्तों के साथ न सिर्फ धक्का मुक्की हुई बल्कि प्रतिबंध के बावजूद मंत्री को गर्भगृह में प्रवेश देकर विशेष पूजा कराई गई।

इसलिए बढ़ी भक्तों में नाराजगी

मंत्री करीब 15 मिनट तक शारदा मंदिर के गृर्भगृह में रहीं। इस दौरान उनके सुरक्षा प्रबंधन व पार्टी नेताओं की भीड़ के चलते आम भक्तों से अभद्रता भी हुई। सीढ़ियों से आने वाली भक्तों की कतार काफी देर तक रोक दी गई। इससे भीड़ में फंसे लोगों को काफी परेशानी हुई।

कई वीआइपी करते हैं प्रवेश

गर्भ गृह में नेताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रवेश करने के अलावा अन्य अफसर प्रवेश करते हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि आम दिनों में अंदर प्रवेश करें तो कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मेले के दौरान उन्हें व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए। मां शारदा देवी-मंदिर प्रबंध समिति की प्रशासन दिव्या पटेल से संपर्क किया गया और उन्हें मैसेज भी दिया गया, लेकिन जवाब देने से बचती नजर आईं।

कुछ दिन पहले ही प्रशासन ने दिया था आदेश

इस घटना में ध्यान देने वाली बात ये है कि करीब 1 हफ्ते पहले मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने मंदिर के गर्भगृह में किसी भी वीआईपी को गर्भगृह में प्रवेश करने को लेकर रोक लगा दी थी। 17 मार्च को आदेश जारी किया था जिसमें कहा गया कि मेले के दौरान किसी भी वीआईपी को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह आदेश देने का कारण यह था कि माता के दर्शन करने के लिए बहुत दूर से लाखों भक्त आते है। श्रद्धालओं को बिना किसी भेदभाव के दर्शन कराना भी इस आदेश का उद्देशय था लेकिन प्रभारी मंत्री राधा सिंह मंदिर पहुंची और नियमों को ताक पर रखकर गर्भगृह में जा घुंसी। इस दौरान प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।

इससे पहले भी तोड़े गए नियम

आपको बता दें कि, यह पहली बार नहीं है जब शारदा माता मंदिर में नियमों को इस तरह किसी वीआईपी नेता ने ताक पर रखा हो। इससे पहले फरवरी महीने में उत्तर प्रदेश के बाहुबली माने जाने वाले विधायक राजा भैया ने भी ये नियम तोड़ा था। बाहुबली विधायक एवं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने नियमों की अनदेखी करते हुए मंदिर के गर्भगृह में शस्त्र के साथ प्रवेश किया और शस्त्र पूजा भी कराई थी। इस दौरान उन्होंने पुजारी नितिन महाराज को अपने साथ लाई हुई रायफल पकड़ाई। जिसे लेकर पुजारी ने उस पर चुनरी बांधी और फूलों की माला डालने के बाद पूजा करवाई। जानकारी के लिए बता दें कि शारदा माता मंदिर में अस्त्र-शास्त्र ले जाना या ऐसी पूजा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। (MP news)

Updated on:
25 Mar 2026 06:14 pm
Published on:
25 Mar 2026 06:08 pm