
Satna Atul Kushwaha Dead Body Found: मध्यप्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के अमकुई गांव में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने के बाद बवाल मच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर मृतक के परिजनों व गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर दिया और पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की। युवक तीन दिनों से लापता था और मंगलवार को उसका शव गांव में एक स्कूल के पीछे झाड़ियों में बोरी में लिपटा हुआ मिला है। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। इधर गांव में माहौल तनावपूर्ण होने के कारण भारी मात्रा में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
अमकुई गांव का रहने वाला 20 वर्षीय अतुल कुशवाहा 1 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक जब अतुल वापस घर नहीं आया तो परिजन ने उसके मोबाइल फोन कॉल किया। मोबाइल बंद जा रहा था जिसके कारण परिजनों को चिंता हुई और परिजन ने अतुल की तलाश शुरू की। परिजन के मुताबिक अतुल के कहीं न मिलने पर वो गुमशुदगी दर्ज कराने पुलिस थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
देखें वीडियो-
मंगलवार (4 अगस्त) को गांव में स्कूल के पीछे झाड़ियों में बोरी में अतुल का शव क्षत विक्षत हालत में मिला। अतुल का शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों व ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। गांव में हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात करना पड़ा और करीब साढ़े 4 घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने एक संदेही युवक को भी हिरासत में लिया है, संदेही से पता चला है कि एक लड़की से बातचीत को लेकर उसका व साथियों का अतुल से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। हंगामे के बीच संदेही ने पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश भी की लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाया। शुरुआती जांच में ये भी पता चला है कि 1 अगस्त की रात को संदेही ने ही अतुल को घर से बुलाया था और सभी ने साथ में बैठकर शराब पी थी। शुरुआती जांच में ये बात भी पता चली है कि अतुल कुशवाहा की जसो में मोबाइल की दुकान है और उसने 1 अगस्त को ही बैंक से 3 लाख रुपये निकाले थे, इनमें से दो लाख रुपये उसने घर में रखे थे और 1 लाख रुपये दुकान में रखे थे। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच करने की बात कह रही है।