MP News: जमीन पर लहूलुहान हालत में मिला महिला टीचर का शव तो पास ही फांसी पर लटका हुआ था युवक, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका।
MP News: मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोलगवां क्षेत्र के बढइया मोहल्ले में किराए के एक कमरे में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती वर्ग-एक में टीचर थी और युवक सीएनजी प्लांट में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। कमरे में टीचर युवती का शव जमीन पर लहूलुहान हालत में और युवक का शव पास ही फांसी के फंदे पर झूलता मिला है। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की किसी धारदार हथियार से हत्या की है और फिर फांसी लगाकर खुदकुशी की है। पुलिस को घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने बताया कि रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के बेला गांव का रहने वाला अंकितेश गौतम बढइया मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहता है। करीब ढाई महीने पहले उसका बड़ा भाई अंबिकेश गौतम भी उसके साथ रहने के लिए आया था। वो सीएनजी प्लांट में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। घटना के वक्त अंकितेश अपने दोस्तों के साथ बाहर गया था और जब वापस लौटा तो कमरा अंदर से बंद था और बार-बार खटखटाने के बाद भी जब बड़े भाई ने दरवाजा नहीं खोला तो खिड़की से झांकने पर अंबिकेश फांसी के फंदे पर झूलता नजर आया। छोटे भाई ने तुरंत दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंचा तो जमीन पर एक युवती की खून से लथपथ लाश पड़ी थी और अंबिकेश फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। जिसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस को कमरे से युवती के कुछ दस्तावेज मिले हैं जिनके जरिए उसकी पहचान पूनम अहिरवार (29) निवासी कोतमा के रूप में हुई है। वह देवलोंद के शासकीय स्कूल में वर्ग-एक की शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। आसपास पूछताछ करने पर पता चला है कि अंबिकेश करीब 10:30 बजे युवती को कमरे पर लेकर आया था और उसके बाहर से दोनों में से कोई कमरे से बाहर नहीं आया था।
जांच के दौरान युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए है। पुलिस का मानना है कि सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। हालांकि हत्या में किस वस्तु का इस्तेमाल किया गया, इसका पता अभी नहीं चल सका है। सीएसपी डीपी चौहान ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और शुरुआती जांच से यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि पहले युवती की हत्या की गई और उसके बाद युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।
पुलिस को तलाशी के दौरान युवती के पास से अनूपपुर से इंदौर जाने का रेल टिकट मिला है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि वो इंदौर जाने की बजाए सतना क्यों आई? युवती पूनम और युवक अंबिकेश के बीच क्या रिश्ता था, दोनों एक दूसरे से कैसे मिले, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है। दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं और पुलिस का कहना है को मोबाइल से कॉल डिटेल, चैट आदि की जांच करने पर इस वारदात की असली वजह का खुलासा हो सकता है।