सतना

जिस तालाब में एक साल पहले भाई डूबा, बरसी पर उसी तालाब में डूबीं दो चचेरी बहनें

MP News: घर में बरसी का कार्यक्रम था, इसी दौरान महिलाएं और बच्चे तालाब पर दाल धोने और नहाने के लिए गई थीं तभी हादसा हुआ।
2 min read
Apr 18, 2026
satna
pond drowning sisters death brother death anniversary

MP News: मध्यप्रदेश के मैहर जिले से शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां कोतवाली इलाके में स्थित पटेहरा तालाब में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जिस तालाब में डूबने से एक भाई की एक साल पहले मौत हुई थी उसी तालाब में भाई की बरसी के दिन ही दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। जबकि दो अन्य बहनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही परिवार में एक साल के भीतर तीसरी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।

तालाब में डूबने से चचेरी बहनों की मौत

शनिवार को चौधरी परिवार के घर पर बरसी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान महिलाएं और बच्चियां तालाब पर दाल धोने और नहाने के लिए गई थीं। नहाते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य भी तालाब में कूद गईं और डूबने लगीं। बच्चियों को तालाब में डूबता देख लोगों ने तुरंत बच्चियों को बचाने का काम शुरू किया और चारों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और दो बच्चियों की मौत हो चुकी थी। हादसे में पूनम चौधरी 10 वर्ष पिता मुकेश और आंचल चौधरी 20 वर्ष पिता रामसजीवन की मौत हो गई। दोनों चचेरी बहनें थीं। वहीं, शालू चौधरी 21 वर्ष और अभिषेक चौधरी 11 वर्ष को सुरक्षित निकालकर सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पहले भी इसी तालाब में डूबा था भाई

पुलिस के अनुसार, मृतिका आंचल चौधरी के भाई की भी एक वर्ष पूर्व इसी पटेहरा तालाब में डूबने से मौत हुई थी। शनिवार को उसी भाई की बरसी थी और कार्यक्रम घर में चल रहा था। भाई की बरसी के ही दिन दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल, सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मृत बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरबीसी 6-4 के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

Published on:
18 Apr 2026 08:59 pm