
Nagod Royal Family Firing Case: मध्यप्रदेशके सतना जिले के नागौद राजघराने (Nagod Royal Family) की परसमनिया गढ़ी में हुई फायरिंग की घटना सुर्खियों में है। गोली लगने से घायल हुईं राजपरिवार की बहू योगिता सिंह (Yogita Singh) अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। तो वहीं घटना के समय का वीडियो भी सामने आया है जिसमें राजघराने के सदस्य रुपेन्द्र सिंह (Rupendra Singh) के साथ मारपीट होती नजर आ रही है। राजपरिवार की बहू योगिता सिंह पर गोली चलाने का आरोप सुनीता सिंह (Sunita Singh) पर है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सुनीता सिंह का आखिरकार रुपेन्द्र सिंह से क्या रिश्ता है? इसे लेकर अब रुपेन्द्र सिंह ने चुप्पी तोड़ी है।
नागौद राजघराने के सदस्य रुपेन्द्र सिंह ने सुनीता सिंह को उनकी कथित प्रेमिका और दूसरी पत्नी बताए जाने पर नाराजगी जताई है। रुपेन्द्र सिंह ने साफ किया है कि सुनीता सिंह न तो उनकी प्रेमिका हैं और न ही दूसरी पत्नी बल्कि सुनीता उनकी वर्किंग पार्टनर हैं और उनके पेट्रोल पंप की मैनेजर हैं। बता दें कि सुनीता सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल वो न्यायिक हिरासत में जेल में है।
रुपेन्द्र सिंह ने पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष पत्रिका के सामने रखा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को लगभग सवा तीन बजे वे अपनी गढ़ी के पोर्च में बैठे हुए थे। तभी मेरी पत्नी योगिता सिंह, पत्नी के भाई नागेन्द्र सिंह राठौर, बेटे प्रिथु देव सिंह सहित तीन अज्ञात लोग गढ़ी के पीछे स्थित पेट्रोल पंप की ओर से आए। इन्होंने आते ही पीछे से मेरे सिर पर वार किया, जिससे मेरा चश्मा टूट गया। अचानक हुए हमले से हड़बड़ाकर मैंने गाली देकर पूछा कि कौन है? इसके बाद दो लोगों ने मुझे दबोच लिया। मुझे पोर्च से उठाकर अंदर गैलरी पर ले गए। वहां जो फोटो लगी हुईं थीं उन्हें निकाल-निकाल कर मुझे मारना शुरू कर दिया। पूरा फर्श टूटे हुए कांचों से भर गया था, सिर से खून बहने लगा था।
रुपेन्द्र सिंह के मुताबिक मेरे साथ हो रही मारपीट को देख सुनीता अंदर से बाहर आने लगी। यह देख योगिता के भाई और अन्य लोगों ने उसे बाहर नहीं आने को कहा और गाली देने लगे। तभी ग्रैंड फादर की बड़ी तस्वीर लगी थी, उसे निकाल कर फिर से मुझ पर हमला किया, फोटो का कांच काफी मोटे थे, जिससे खून और ज्यादा बहने लगा। यह देख सुनीता ने चिल्लाया कि दादा भाई को छोड़ दीजिए, इस पर फिर सुनीता के साथ गाली गलौज करने लगे और मुझे मारने लगे। स्थिति ज्यादा बिगड़ती देख सुनीता ने कमरे के अंदर से हवाई फायर करने शुरू कर दिए। तीन गोलियां दीवार पर लगीं, चौथी गोली दीवार से टकराकर पत्नी को जा लगी। इस दौरान तक पुलिस भी पहुंच गई थी, उन्होंने घटनास्थल भी देखा है। पत्नी और उनके साथ आए लोगों ने मेरा मोबाइल भी छीन लिया है। इस घटनाक्रम के बाद एमएलसी कराई है और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल योगिता सिंह का रीवा के विंध्या अस्पताल में करीब घंटे भर ऑपरेशन चला। उनकी हालत स्थिर है और चिकित्सक लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। योगिता सिंह का ऑपरेशन करके चिकित्सकों ने पेट के अंदर से गोली निकाली है। गोली को अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए सतना पुलिस को सौंपा जाएगा।