
सतना। सरदार पटेल की मूर्ति अनावरण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के कार्यकर्ताओं से लाइव संवाद किया। उन्होंने सतना को 10 मिनट दिए। हरदासपुर की युवा सरपंच मोनिका दाहिया व गोवरांव खुर्द के अनमोल सिंह से सवाल किए। पीएम ने दोनों से करीब 4 मिनट चर्चा की। 2014 के सतना दौरे को याद किया। रहवासियों की तारीफ करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाएं गिनाई।
टाउन हाल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बूथ के भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। नमो ऐप के जरिए चार राज्यों राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश के पांच जिलों को शामिल किया। मध्यप्रदेश से इसमें बैतूल और सतना जिला शामिल था। संवाद के दौरान सतना की बारी आई तो सबसे पहले महिला सरपंच मोनिका दाहिया से प्रधानमंत्री ने चर्चा करना शुरू किया।
मोदी ने पूछा नाम
उन्होंने पहला सवाल किया कि अपना परिचय दें। इसके बाद मोनिका ने ग्राम पंचायत की जानकारी देते हुए परिचय दिया। उसके बाद उन्होंने कहा कि इस देश में गरीबी हटाने का नारा कांग्रेस ने दिया, लेकिन आपके प्रयास से वास्तविक रूप से गरीबी हट रही है। जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा कि आप जैसे कार्यकर्ताओं के माध्यम से ऐसा हो रहा है। मैं भी एक कार्यकर्ता हूं और लगातार काम करने का प्रयास करता हूं। उसके बाद प्रधानमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
कल जापान में थे, आज हिंदुस्तान में
गोवरांव खुर्द के अनमोल ने सीधा सपाट सवाल किया कि कल आप जापान में थे, आज हिन्दुस्तान में हैं। सरदारजी की मूर्ति अनावरण करने के बाद कैसा महसूस कर रहे हंै? इस पर पीएम मोदी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की सभी रियासतों का विलय कर एक समृद्ध भारत देश की कल्पना की थी, जो आज साकार होते दिख रही है। इसी प्रयास को मैं भी आगे बढ़ा रहा हूं।
इन नेताओं के लिए नाम
मोदी ने सतना में संवाद की शुरुआत स्थानीय नेताओं के नाम लेने के साथ की। सांसद गणेश सिंह के साथ उन्होंने सतना विधायक शंकरलाल तिवारी, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी व राज्यमंत्री हर्ष सिंह का नाम लिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, महापौर ममता पाण्डेय, पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह, निगम अध्यक्ष अनिल जयसवाल, पुष्पराज बागरी, श्रीराम मिश्रा, कामता पाण्डेय, धर्मेन्द्र सिंह बराज, अजय सिंह मिंटू, बालकृष्ण शुक्ला, सुनील सेनानी, आनंद सिंह मौजूद रहे। नमो एप के संभागीय प्रभारी उमेश द्विवेदी, आशीष खरे, मंजीत पटेल मुख्य रूप से शामिल रहे।
जो मौजूद नहीं उनके नाम लिए
'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कार्यक्रम में जिन भाजपा विधायकों का पीएम मोदी ने नाम लिया वे नदारद दिखे। राज्यमंत्री हर्ष नारायण सिंह सतना में नहीं थे। जबकि शंकरलाल और नारायण भोपाल-दिल्ली के भाजपा मुख्यालय टिकट के चक्कर में गए हैं।