
Satna Lover Pushed Girlfriend From Train: मध्यप्रदेश के सतना जिले की रहने वाली एक युवती को राजकोट के पास चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। युवती का इलाज गंभीर हालत में सतना जिला अस्पताल में चल रहा है। उसने अपने प्रेमी पर ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक वो तीन महीने की प्रेग्नेंट है और प्रेमी के साथ पिछले तीन महीने से लिव-इन में रह रही थी। प्रेमी उसे कोर्ट मैरिज का झांसा देकर राजकोट ले जा रहा था, लेकिन राजकोट पहुंचने से पहले ही चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।
पीड़िता ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है, जिससे पूरा मामला और भी गंभीर हो गया है। पीड़िता के अनुसार उसका आरोपी युवक से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ भविष्य बनाने के सपने देख रहे थे। लगभग तीन माह पहले दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। युवती का कहना है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने भरोसा दिलाया कि दोनों गुजरात के राजकोट जाकर कोर्ट मैरिज कर लेंगे और वहीं नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी के कहने पर वह 12 जून को सतना रेलवे स्टेशन से उसके साथ गुजरात के राजकोट के लिए रवाना हुई। पूरे सफर के दौरान उसे यही विश्वास था कि अब दोनों कानूनी रूप से पति-पत्नी बन जाएंगे। लेकिन राजकोट पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। युवती का आरोप है कि राजकोट पहुंचने से पहले ही अचानक उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिरने के कारण उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। वह दर्द से तड़पती रही और किसी तरह हिम्मत जुटाकर आरोपी को फोन कर अपनी हालत की जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार सूचना मिलने के बाद आरोपी उसे राजकोट के अस्पताल लेकर गया जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसने युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन राजकोट पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जरूरी काम होने का बहाना बनाकर उसे परिजनों के साथ इलाज के लिए सतना भेज दिया, लेकिन सतना पहुंचने के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद है और उससे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिला अस्पताल सतना में भर्ती युवती का उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी चोटों के साथ-साथ गर्भ में पल रहे शिशु की भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि युवती शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ मानसिक रूप से भी गहरे सदमे में है।
फिलहाल युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर राजकोट ले जाने और चलती ट्रेन से धक्का देकर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। अभी आरोपी का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। यदि पीड़िता के आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में कार्रवाई हो सकती है।