कोटर व नादन देहात थाना में दर्ज हुए मामले, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सतना. प्रेम संबंध में फंसी दो लड़कियां एक साल से ज्यादती का शिकार होती रहीं। जब गर्भवती हो गईं तो युवकों ने साथ छोड़ दिया। परेशान लड़कियों ने परिवार के सामने आपबीती सुनाई तो बात पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने अलग अलग दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध कायम कर लिया है। अब पुलिस पीडि़त लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कोटर थाना में दर्ज अपराध के बारे में जानकारी मिली है कि 17 साल की लड़की को एक साल पहले बस में एक युवक मिला था। मैहर का रहने वाला यह युवक आए दिन युवती से बात करने लगा। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी तो संबंध बन गए। गर्भवती होने पर लड़की की हालत बिगड़ी तो घर वालों को बात पता चली। पुलिस के संज्ञान में मामला आया तो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 व पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर लिया है। अब आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोपी के बारे में ज्यादा जानकारी लेने का प्रयास पुलिस कर रही है।
दूसरा मामला नादन देहात थाना में दर्ज किया गया है। जहां 20 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि शादी का झांसा देकर आरोपी दिलीप साहू निवासी तिलौरा उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने धोखा दिया। चार माह से गभर्वती पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 (2) व एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस पार्टी रवाना की गई हैं।