सतना

सतना-बेला बायपास पूरा होने में अभी लगेंगे डेढ़ साल, फ्लाइओवर भी दिसंबर से पहले नहीं

निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि सोहावल से सज्जनपुर बायपास के दो आरओबी निर्माण में समय लगेगा  

2 min read
Jun 26, 2018
Satna Bela Bypass construction
Satna Bela Bypass construction

सतना. सतना-बेला बायपास पूरा होने में अभी डेढ़ साल का समय और लगेगा। इस दौरान विंध्य के लोगों को इसी तरह हिचकोले खाने पड़ेेंगे। उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने को सतना रीवा हाइवे और सतना सज्जनपुर बाइपास निर्माण कार्य की समीक्षा में यह जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने में समय लगेगा। इसके अलावा जीएसबी का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस पर मंत्री ने इन शेष कार्यों को पूरा होने की समय सीमा पूछी। जिस पर बताया गया कि १९ माह लग जाएंगे। इस पर उन्होंने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला भी मौजूद रहे।
सतना बेला बायपास पर निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके शुक्ला ने बताया कि सोहावल से सज्जनपुर बायपास में दो आरओबी पड़ते हैं। इससे स्ट्रक्चर निर्माण में समय लगेगा। जीएसबी का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके ऊपर ब्लैक टॉप का काम अब शुरू होगा। तब मंत्री ने कहा कि उच्च गुणवत्तापूर्ण तरीके से सडक़ मार्ग का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण कराया जाये। इसके साथ ही आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का स्ट्रक्चर तैयार करने में भी गति बढ़ाएं। सतना-बेला मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा रहने से विंध्य क्षेत्र का विकास तथा आवागमन बाधित हो रहा है। इस दौरान निर्माण एजेंसी की कठिनाइयों का निराकरण करने कलेक्टर को निर्देश दिए।

अवैध कब्जा खाली कराने निर्देश
इसमें रीवा जबलपुर मार्ग की भी समीक्षा की गई। नेशनल हाइवे ७ के चौड़ीकरण और उन्नयन के मामले में निर्माण एजेंसी ने अवैध कब्जे खाली नहीं होने सहित अन्य समस्याएं बताई। जिस पर मंत्री शुक्ला ने अमरपाटन तथा मैहर एसडीएम से इन मामलों में आ रही दिक्कतों को दूर करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री चित्रकूट के लिये रवाना हो गए।

रीवा रोड पर समेरिया फ्लाइओवर की डेडलाइन 31 दिसंबर 2018
सेमरिया चौक स्थित फ्लाइओवर का निर्माण कार्य तय समय सीमा में नहीं हो रहा है, यह बात सरकार ने स्वीकार की है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के सवाल के जवाब में लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने माना कि इस ब्रिज की समय सीमा 17 मई थी, लेकिन तय समय में काम नहीं हो पाने के कारण इसकी समय सीमा ३१ दिसंबर २०१८ तक बढ़ाई गई है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने जानना चाहा था कि फ्लाईओवर का काम पूरा होने की समय सीमा क्या है तथा क्यों इसकी समय सीमा बढ़ाई है। इसके जवाब में मंत्री ने बताया कि यूटीलिटी शिफ्टिंग और अतिक्रमण हटाने के लिये यह समय सीमा बढ़़ाई गई है। मंत्री ने अपने जवाब में यह भी बताया है कि सर्विस लेन का प्रावधान नहीं होने की भी जानकारी दी है। मंत्री ने यह भी बताया है कि सेमरिया चौक के हिस्से के फ्लाइओवर की ड्राइंग अनुमोदन के लिये विलंब होने की जानकारी भी दी है। साथ ही अनुमोदन के संबंध में बताया है कि यह प्रक्रिया अब हो चुकी है।

Published on:
26 Jun 2018 07:49 pm