
smart city satna
सतना. शहर विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने तथा नई प्लॉनिंग के लिए शुक्रवार को कलेक्टर मुकेश कुमार शुक्ला एवं निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों का निर्णय लिया। तय किया कि सिविल लाइन चौराहे में आमूल चूल बदलाव के साथ इसका चौड़ीकरण किया जाएगा। धवारी चौक से लगे जीएनएम कॉलेज के सामने के अतिक्रमण को हटाते हुए इसे पूरा फ्रंट लुक देने पर विचार किया गया। विश्वासराव सब्जी मंडी से लगे पटाखा बाजार के पास नाले की जमीन पर फुटकर सब्जी मंडी का निर्माण भी होगा। शहर के बच्चों, युवाओं और वृद्धजनों के लिए हवाई अड्डे के समीप कई निर्माण कार्य प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान एसडीएम रघुराजनगर बलवीर रमण भी मौजूद रहे।
जानिए शहर में क्या-क्या होगा बदलाव
सिविल लाइन चौक: होगा चौड़ीकरण, बनेगा वर्टिकल गार्डन
कलेक्टर और निगमायुक्त ने सबसे पहले सिविल लाइन चौक का जायजा लिया। यहां फल-सब्जी वालों के कब्जे से यातायात में बाधा के साथ ही चौराहे के संकरे होने से सुगम यातायात में बाधा मानी गई। एसडीएम ने चौड़ीकरण की बात रखी। इसके बाद यहां के लिए ये निर्णय लिए गए।
- सिविल लाइन चौक और कोठी तिराहे पर जहां-तहां मौजूद फल व सब्जी कारोबारियों को बस स्टाप की रिक्त जमीन पर शिफ्ट किया जाए।
- इनकम टैक्स ऑफिस की ओर तथा अपना होटल वाली दिशा में चौराहा चौड़ीकरण किया जाएगा।
- स्टेप अप गुमटियों के हटने से खाली हुई जगह पर वर्टिकल गार्डन बनेगा।
- नाला सफाई होगी
- चौराहे व तिराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा
धवारी चौक: जीएनएम कॉलेज की खुलेगी ओपनिंग
सिविल लाइन चौक के बाद अधिकारी धवारी चौक पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माणाधीन जीएनएम कॉलेज का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज बनने तक जीएनएम कॉलेज में ही मेडिकल कॉलेज की क्लास चलाने के प्रस्ताव के अनुरूप इस पूरे भवन की ओपनिंग काफी कम पाई गई। यहां अतिक्रमण भी मिला। चौराहे पर विस्तार की संभावना नजर आई। इस पर यहां के लिए कई निर्णय लिए गए।
- जीएनएम कॉलेज के सामने का पूरा इलाका पूर्वी और उत्तरी छोर अतिक्रमणमुक्त होगा।
- यहां की सभी दुकानें, ठेले, गुमटियां हटाकर कॉलेज का नया फ्रंट तैयार किया जाएगा।
- इस पूरे क्षेत्र का विजुअलाइजेशन सही किया जाएगा।
- धवारी चौराहे का ब्यूटीफिकेशन किया जाएगा
- चौराहे के चौड़ीकरण के लिए बोर्डिंग भवन की बाउंड्री का कुछ हिस्सा गिराया जाएगा।
लालता चौक: फुटकर सब्जी मंडी का निर्माण
लालता चौक सहित पूरे बाजार एरिया में जहां-तहां सडक़ के किनारे सब्जी की बाजार लगाने वाले फुटकर कारोबारियों के लिए नई और उन्नत फुटकर सब्जी मंडी तैयार करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए यह किया जाएगा।
- विश्वासराव सब्जी मंडी के सामने मैदान से लगे काफी चौड़े नाले की फिलिंग की जाएगी।
- रिटेंनिंग बाल तैयार कर यहां फुटकर सब्जी मंडी के लिए शेड तैयार किया जाएगा।
- इस हिस्से का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
- काम शीघ्रता से शुरू करने कहा गया
हवाई अड्डा: बनेगा ओपन एयर थियेटर व इंटरटेङ्क्षनग जोन
हवाई अड्डे के पास निर्माणाधीन उत्सव मैदान का जायजा लेने के बाद अमृत पार्क के बगल की रिक्त जमीन को नए सिरे से इंटरटेनिंग जोन के रूप में तैयार करने का निर्णय लिया गया।
- सतना के कई बच्चों की स्केटिंग में देश-विदेश में सफलता को देखते हुए यहां उन्नत स्केटिंग ग्राउण्ड।
- कलाकारों के प्रोत्साहन और कार्यक्रमों के लिये ओपन एअर थियेटर।
- छोटे बच्चों के लिए किड्स कॉर्नर और उनके लिए साइकिलिंग जोन।
- वृद्ध जनों के लिए वॉकिंग जोन।
- युवाओं की साइकिलिंग के लिए आधुनिक साइकिलिंग ट्रैक।
- हवाई अड्डा मैदान से बाइपास को जोडऩे के लिए सीधी सडक़।
सेमरिया चौक: होगा अतिक्रमण मुक्त
सेमरिया चौक की बिरला रोड पर व्यापक पैमाने पर फुटपाथी कारोबारियों के अतिक्रमण के कारण यातायात बाधा की शिकायत कई लोगों ने की। इसके लिए भी मौका मुआयना कर कई निर्णय हुए।
- टाउन हाल साइड की पूरी रोड को टोटल क्लियर किया जाएगा।
- टाउन हाल के सामने के बस स्टाप को आईटीआई के सामने शिफ्ट करना
- यहां के फुटपाथी कारोबारियों को पुराना बस डिपो के पास शिफ्ट करना
नया बसस्टैंड: शिफ्टिंग प्रक्रिया में तेजी
कलेक्टर और निगमायुक्त बाइपास के समीप प्रस्तावित नए अत्याधुनिक बस स्टैंड के लिए स्थल मुआयना करने भी गए। यहां कलेक्टर ने निगमायुष्ठह्म् को अब तक की प्रक्रिया से परिचित करवाया। कलेक्टर ने इसमें तेजी लाने की बात कही। यहां जमीन अदला-बदली का प्रस्ताव पर तेजी से काम करने की जरूरत बताई। लैंड फिलिंग के बारे में निगमायुक्त को निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने कहा कि जिन कार्यों का निर्णय लिया गया है उन पर तेजी से अमल भी शुरू किया जाए।
और शाम को हुई मॉर्किंग
सिविल लाइन और कोठी तिराहे के फल सब्जी कारोबारियों की शिफ्टिंग के निर्णय पर निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच ने अगले दिन कार्रवाई के लिए कहा। साथ ही बस स्टैंड में मॉर्किंग करवाने के साथ सभी कारोबारियों को अगले दिन शिफ्टिंग के लिए तैयार रहने को कहा। निगम के अमले को यहां शिफ्टिंग पूरी होते ही नाले की सफाई के साथ गार्डन विकसिंत करने के निर्देश दिए। धवारी चौक के काम भी प्रक्रिया भी शीघ्र करने कहा।
बढ़ेगी अतिक्रमण दस्ते की जिम्मेदारी
निगमायुक्त ने अतिक्रमण दस्ता प्रभारी रमाकांत शुक्ला से कहा, पूरे शहर के लिए दो टीमों का गठन करें और आवश्यक होने पर इसमें सदस्यों की संख्या बढ़ाएं। साथ ही सभी सडक़ों पर यलो मॉर्र्किंग शीघ्र करने के लिए कहा। इसके लिए दो दिनों में लाइन मार्किंग मशीन सुधारने के निर्देश दिए। कहा, इसके बाद जो भी मॉर्किंग के बाहर मिले उस पर सीधे 1000 रुपए की फाइन करो। दो बार दस्ता पूरे शहर में लगातार ९० दिन घूमे और कहीं भी अतिक्रमण नहीं मिले। अन्यथा दस्ते पर भी कार्रवाई होगी। लोगों को अतिक्रमण न करने की आदत डालनी होगी। ९० दिनों में सुधार की आदर पड़ जाती है।
सटोरियों के बीच मची भगदड़
धवारी चौक पर खुलेआम चलने वाले सट्टाकारोबार का खुलासा भी अधिकारियों के सामने हो गया। इससे पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। जब कलेक्टर, निगमायुक्त, एसडीएम पहुंचे तो यहां सट्टा कारोबार चलाने वालों को लगा कि उन्हें पकडऩे की कार्रवाई हो रही है। यह देख उनके बीच भगदड़ की स्थिति मच गई। लगभग १०-११ लोग गिरते पड़ते भागे। इन्हें भागते देख कलेक्टर ने अपने गार्ड को इन्हें पकडऩे के लिए भेजा लेकिन यहां की स्थितियों का फायदा उठा कर वे भाग निकले। हालांकि कलेक्टर ने यहां के सभी गुमटी, ठेले, दुकानें हटा कर जीएनएम कॉलेज का फ्रंट लुक शानदार तरीके से डेवलप करने निगमायुक्त को निर्देश दे दिए हैं। साथ ही एसडीएम को भी इस कार्रवाई में पूरी सक्रियता से रहने के निर्देश दिए।
जाम में फंसे अधिकारी
सिटी कोतवाली से जय स्तंभ चौक के बीच फुटपाथियों के व्यापक अतिक्रमण के कारण यहां भारी जाम की स्थिति बन गई थी। ऐसे में यहां सभी अधिकारियों के वाहन जाम में कुछ देर के लिए फंस गए। फिर सुरक्षा गार्ड ने उतर कर जाम खुलवाया।
Updated on:
23 Jun 2018, 6:17 PM IST
Published on:
23 Jun 2018, 3:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.