बदेरा- बरही मार्ग पर की गई वाहनों की जांच, कार्रवाई से बचने वाहन मालिक बनाते रहे दबाव
सतना. कटनी जिले के बरही से सतना जिले में हो रहे रेत के अवैध परिवहन और ओवर लोड वाहनों पर कार्रवाई के लिए एसडीएम ने आधी रात को चेकिंग लगाई। दोनों जिलों के बार्डर में पुलिस बल की मौजूदगी के साथ की गई वाहनों की जांच में आधा दर्जन से ज्यादा वाहन जब्त किए गए हैं। जबकि इसके कुछ घंटे पहले नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी तीन वाहनों पर कार्रवाई कर चुके थे। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को देख रेत परिवहन कराने वाले वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया। कुछ रात को ही तो कुछ ने सुबह होते ही कार्रवाई न करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इनमें मैहर के कुछ सफेद पोश भी शामिल रहे।
तीन घंटे चली कार्रवाई
जानकारी मिली है कि एसडीएम मैहर सुरेश अग्रवाल, नायब तहसीलदार अजीत तिवारी, थाना प्रभारी बदेरा राजेन्द्र पाठक पुलिस बल के साथ रात करीब साढ़े 11 बजे बदेरा से बरही के बार्डर में पहुंचे थे। विष्णुपुर और आमातारा के बीच अफसरों की इस टीम ने वाहनों की जांच करना शुरू किया। रात करीब ढाई बजे तक यहां 20 वाहन जांचे गए जो रेत से भरे थे। इनमें से सात वाहन जब्त करते हुए थाने भेजे गए हैं।
इन वाहनों को जब्त किया
बुधवार की दोपहर थाना प्रभारी बदेरा और नायब तहसीलदार ने वाहनों की जांच करते हुए वाहन एमपी 65 जीए 1902, एमपी 54 जीए 0749 व एक बिना नंबर का ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त किया था। इसके बाद एसडीएम की जांच में रात को रेत से भरी गाड़ी एमपी 19 एचए 3582 को पकड़ा। इस वाहन को चालक राजेश कुमार जायसवाल चला रहा था। एमपी 19 एचए 2853 को जब्त कर चालक राम कुमार विश्वकर्मा को पकड़ा, एमपी 19 एचए 3564 कको जब्त कर चालक दिनेश विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। हाइवा एमपी 19 एचए 5257 को जब्त कर चालक मुल्लू कुशवाहा को पकड़ा। एमपी 19 एचए 4719 के चालक रामदेश कोल और एमपी 19 एचए 5661 को खड़ा ककराते हुए चालक अमरजीत कोल को पकड़ा। इसी तरह एमपी 19 एचए 5660 को जब्त किया गया।
सब के सब ओवरलोड मिले
वाहनों की जांच के दौरान एसडीएम को एक वाहन बिना टीपी के चलते मिला। जबकि बाकी वाहन ओवरलोड मिले हैं। वाहनों को जब्त कराने के बाद रात को यह तय नहीं हो सका था कि अगली कार्रवाई के लिए इन वाहनों के प्रकरण खनिज विभाग भेजे जाएं या फिर परिवहन अधिकारी को दिए जाएं। एेसे में गुरुवार की शाम तक मामला अटका रहा।