तीन वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा, एक जीप समेत गहने व नकदी बरामद
सतना. कार में सवार करने के बाद लोगों को लूटने और चोरी कर लेने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने सतना जिले में लूट की दो और चोरी की एक घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक जीप, सोने के गहने व नकदी बरामद करते हुए कार्रवाई की है।
जानकारी मिली है कि शुक्रवार को रीवा रोड बायपास मैहर में एक सफेद रंग की जीप पर संदेह होने पर उसे रोकते हुए उसमें सवार दो युवकों को कोतवाली मैहर लाया गया। इनसे पूछताछ करने पर इन्होंने अपने नाम देवेन्द्र यादव एवं कमलेश विश्वकर्मा निवासी रीवा बताए। संदेह होने पर पुलिस ने गहन पूछताछ की तो दोनों ने मैहर कस्बा में लूट की दो वारदातें और सतना शहर में चोरी की एक घटना का खुलासा किया। इसके अलावा आरोपियों ने रीवा, सीधी, शहडोल में कई घटनाएं करना स्वीकर किया। जिसकी जानकारी संबंधित जिले से जुटाई जा रही है। बदमाशों के अपराध पता चलने पर एसपी रियाज इकबाल को जानकारी दी गई। जिसके बाद एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी, एसडीओपी हेमंत शर्मा ने पुलिस टीम के साथ मिलकर बदमाशों के गिरोह तक पहुंचने पूछताछ की।
एेसे करते हैं वारदात
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने घटना करने के लिए शहर और कस्बे से बाहर लोगों को निशाना बनाया है। राह चलते लोगों के पास वाहन रोक कर उनको अपने दूर का सगे संबंधी का रिश्ता बता कर चौपहिया वाहन में सवार ककर लेते थे। इसके बाद आगे ले जाकर लूट या चोरी करते हुए आरोपी पीडि़त को छोड़ फरार हो जाते थे।
यह घटनाएं कर चुके
8 अगस्त 2019 को फरियादी जयंती चक्रवर्ती पत्नी स्व. साधन चक्रवर्ती (65) निवासी विवेक नगर मैहर ने मैहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया था कि 7 अगस्त को संडरसन कंपनी गेट के पास से सफेद रंग के चार पहिया वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने गाड़ी में बैठाकर मोबाइल, सोने का चैन अंगूठी व नकदी लूट ली है। इस मामले में आइपीसी की धारा 392, 506, 34 के तहत अपराध कायम किया गया था। इसी तरह फरियादी मनीषा शुक्ला पत्नी गिरजा शंकर शुक्ला (32) निवासी सरलानगर मैहर ने 23 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। मनीषा ने पुलिस को बताया था कि ओवर ब्रिज मैहर से सफेद रंग के चार पहिया वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने मोबाइल लूट लिया है। इस मामले में आइपीसी की धारा 392, 34 का अपराध कायम किया गया। थाना सिविल लाइन सतना में 10 सितंबर को फरियादी चूड़ामणि सेन पुत्र रामभरोसा सेन (57) निवासी मुढ़हा खुर्द थाना सिंहपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पेट्रोल जीप सवार दो व्यक्तियों ने गाड़ी मे बैठाकर जेब से 22 हजार रुपए चोरी कर लिए। इस रिपोर्ट पर आइपीसी की धारा 379 के तहत मामला कायम किया गया था। इन तीनों घटनाओं को दोनों आरोपियों ने करना स्वीकार किया है।
यह सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र यादव पुत्र जुगराज यादव (24) निवासी शिवपुरवा थाना गोविन्दगढ़ रीवा व कमलेश विश्वकर्मा पुत्र दुर्गा प्रसाद (25) निवासी महसांव थाना गुढ़ रीवा को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 2 मोबाइल फोन, सोने की एक चेन, सोने की एक अंगूठी, 6000 रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त एमपी 17 सीबी 6632 नंबर का वाहन जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी देवेन्द्र आदतन अपराधी है और पूर्व में भी पकड़ा जा चुका है।
इस टीम ने पकड़े लुटेरे
बदमाशों को पकडऩे में थाना प्रभारी मैहर निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान, थाना प्रभारी सिंहपुर सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी कोटर गोपाल चौबे, एसआइ यूएस मिश्रा, विक्रम पाठक, सायबर सेल प्रभारी अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक आरके पटेल, दीपेश कुमार, सुशीलचंद, आरक्षक वीपेन्द्र मिश्रा, असलेन्द्र सिंह, पीएसआइ योगेश कुमरे, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह, लाखन पण्डा, आरक्षक अरविंद सिंह, रमाकांत तिवारी, जगदीश मीणा, वाजिद खान, अभिषेक पाण्डेय, राहुल सिंह, नीरज सिंह, नागेन्द्र यादव, अनिल सिंह, पंकज मिश्रा, शिवम तिवारी, अनिल द्विवेदी की अहम भूमिका रही।