
सतना। जिस फिल्म को थियेटर में भी 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को देखने पर मनाही है, वही एडल्ट मूवी मैहर जिले की कठहा हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा 11वीं और 12वीं के बच्चों को दिखाई गई। हद तो यह हो गई यह फिल्म दिखाने वाला विद्यालय का अतिथि शिक्षक ही है और विद्यालय प्रबंधन इस पर चुप्पी साधे रहा। इस घटना की सीएम हेल्पलाइन में शिकायत होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौन धारण करके बैठे हैं, जबकि शिकायत बीईओ को आवंटित की जा चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार अमरपाटन विकासखंड अंतर्गत शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल आती है। इस स्कूल में जुलाई महीने के आखिरी दिन विद्यालय के अतिथि शिक्षक हंसराज पटेल ने कक्षा 11वीं और 12वीं के बच्चों के लिए प्रोजेक्टर पर फिल्म दिखाने का इंतजाम किया। केन्द्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से 'ए' सर्टिफिकेट प्राप्त इस फिल्म को 18 वर्ष से कम आयु के लोगों को दिखाना प्रतिबंधित है और इसका बकायदाडिस्क्लेमर भी फिल्म के पहले आता है। लेकिन अतिथि शिक्षक हंसराज ने इन सभी नियम कानूनों को दरकिनार कर एडल्ट ग्रेड फिल्म स्कूल के बच्चों को दिखाई।
विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि के लिए बकायदे विद्यालय प्रबंधन से अनुमति लेना अनिवार्य होता है। साथ ही विभाग की बिना किसी अनुमति के विद्यालय के अंदर किसी भी फिल्म का प्रसारण भी प्रतिबंधित है। इस पर एडल्ट ग्रेड फिल्म तो किसी भी स्थिति में स्कूल में नहीं दिखाई जा सकती है। लेकिन संबंधित अतिथि शिक्षक ने न तो इसकी अनुमति प्राचार्य से ली और न ही किसी को इसकी सूचना दी। हद तो यह भी रही कि यहां पर पायरेटेड फिल्म का प्रसारण किया गया जो अपने आप में अपराध है।
ऐसा भी नहीं है कि इस मामले को विभाग के संज्ञान में नहीं लाया गया है। निशांत तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक 39809957 के जरिए इस घटनाक्रम की शिकायत की है। शिकायत दर्ज होने के बाद इस शिकायत को 1 अगस्त को बीईओ कुंवर बहादुर सिंह को आवंटित भी की जा चुकी है। लेकिन उन्होंने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। प्राथमिक जिम्मेदारी तो विद्यालय के प्राचार्य की ही थी कि इस मामले को संज्ञान में लेते और अपने स्तर पर ही कार्यवाही करते लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया।
'धुरंधर' (Dhurandhar) फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) द्वारा 'A'(Adult / एडल्ट) सर्टिफिकेट दिया गया है। जिसका मतलब है कि यह एक ए-ग्रेड (A-rated) फिल्म है। चूंकि इसे 'A' रेटिंग मिली है, इसलिए इसे केवल 18 वर्ष या उससे अधिक की आयु के वयस्क दर्शक ही देख सकते हैं। सिनेमाघरों या अन्य माध्यमों पर 18 साल से कम उम्र के बच्चों और किशोरों का यह फिल्म देखना प्रतिबंधित है। यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त और अक्षय खन्ना जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
Updated on:
02 Aug 2026 11:41 am
Published on:
02 Aug 2026 11:38 am
