सतना

जीजा के गांव गए-साले का खेत में मिला शव, रात में चोरी से गया था किसी से मिलने

युवक की हत्या कर लाश को खेत में फेंका, चितरंगी थाना क्षेत्र के बसनियां गांव का मामला, मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी

2 min read
May 08, 2018
youth found murdered in singrauli
youth found murdered in singrauli

सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र के बसनियां गांव में एक युवक की हत्या कर अज्ञात आरोपियों ने लाश को खेत में फेंक दिया। सुबह युवक की लाश देखकर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि युवक की लाश मिलने को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थी। मृतक का जीजा लक्ष्मीनारायण ने बताया है कि बीती रात एक गुमटी के पास खड़े लोगों ने पीछा कर पीट-पीट कर मौत के घाट उतारा है।

ये है मामला
पुलिस के मुताबिक मोरवा थाना क्षेत्र के मेढ़ौली निवासी वीरेन्द्र कुमार बसोर (28) पिता बनारसी प्रसाद बसोर सोमवार की रात बाइक पर अपने गांव से बसनियां गांव अपने जीजा लक्ष्मीनारायण बसोर के साथ गया था। जहां रात के अंधेरे में जीजा को एक जगह पर व्यवस्थित रूकने के लिए बोला। जिसके बाद वह अकेला गांव के बीच बस्ती में किसी से मिलने गया। काफी समय हो जाने के बाद वह वापस नहीं लौटा। इंतजार कर रहा उसका जीजा काफी परेशान हो रहा था।

कुछ बदमाश रात में पीट रहे थे -साले को
कुछ ही देर बाद देखा तो वीरेन्द्र के साथ कुछ बदमाश मारपीट कर रहे थे। लेकिन डरा सहमा जीजा यह सब देख अपनी जान बचाने के लिए छुप गया। सुबह जब स्थानीय लोगों ने खेत में शव को देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। खेत में शव मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इधर, पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।

प्रथम दृष्टया मान रहे हत्या
युवक का शव मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण सहित पुलिस भी प्रथम दृष्टया हत्या होना मान रही है। फिलहाल यह साफ नहीं कहा जा रहा है कि युवक की हत्या हुई है। सबसे पहले तो युवक रात के समय में मेढ़ौली मोरवा से बसनियां किस लिए गया था। हैरत तो यह कि वहां जाने के बाद अपने जीजा को गांव में रूकने के लिए बोला और वहां से बस्ती में वह अकेला चला गया। इसी बात को लेकर पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या होना मान रही है। इन विभिन्न पहलुओं को लेकर पुलिस स्थानीय लोगों व मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। वहीं स्थानीय ग्रामीण भी युवक के शरीर में चोट के निशान को देख हत्या होना ही बता रहे हैं। फिलहाल यह पुलिस की जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

हत्या की वजह कहीं प्रेम संबंध तो नहीं!
युवक की हत्या की वजह कहीं प्रेम संबंध तो नहीं है। इसलिए ज्यादातर हत्याएं प्रेम प्रसंग के चलते हो रही हैं। यह चचाएं बसनियां गांव में युवक की लाश मिलने के बाद चल रही हैं। मौके पर चितरंगी एसडीओपी, टीआई सहित पुलिसबल पहुंचकर मामले की पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक मृतक की बसनियां गांव में किसी से कहासुनी भी हुई थी। यह पता नहीं चल पा रहा है कि किसके साथ कहासुनी हुई। चोट के निशान पर पुलिस भी सामान्य मौत नहीं मान रही है। युवक की हत्या कर लाश खेत में फेंकने के चलते उसका एक हाथ जानवारों ने नोंच खाया था। मौके पर स्थल मुआयना करते हुए पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी है। बताया गया है कि पुलिस गांव के कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

Published on:
08 May 2018 07:02 pm