
सवाई माधोपुर। राजस्थान में पूर्वी और पश्चिमी हिस्से के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 277 किलोमीटर लंबे ब्यावर-भरतपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की तैयारी तेज हो गई है। करीब 8656 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह फोरलेन एक्सप्रेस-वे प्रदेश के छह जिलों के 210 गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सवाई माधोपुर जिले में भी इसके लिए 26 गांवों की करीब 330.793 हेक्टेयर जमीन अवाप्त की जाएगी।
परियोजना के तहत कुल 210 गांवों के 10,890 खसरों की करीब 2600 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी है। एक्सप्रेस-वे जयपुर, टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और भरतपुर जिलों से होकर गुजरेगा। अलग-अलग जिलों में भूमि अधिग्रहण और परियोजना से जुड़ी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। इसके पूरा होने पर ब्यावर से भरतपुर तक आवागमन के लिए एक नया और तेज वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 8656 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसमें 5231 करोड़ रुपए सिविल निर्माण कार्यों और 2640 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे का निर्माण चार लेन में होगा। यह एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर होगा, जिससे वाहनों को बीच में अनावश्यक रुकावटों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एक्सप्रेस-वे की शुरुआत जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र के झाग गांव के पास से होगी। जयपुर के बाद टोंक, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली से गुजरते हुए भरतपुर में ऊंचा नगला के समीप एनएच-21 पर समाप्त होगा। इसके अलावा एनएच-448 से भी इसकी कनेक्टिविटी होगी। इससे ब्यावर-किशनगढ़ क्षेत्र को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर से सीधा संपर्क मिलेगा।
एक्सप्रेस-वे सवाई माधोपुर जिले के 26 गांवों से होकर गुजरेगा। इनमें रुगन्ती, बांसपारा, कोठड़ा, बोरदा, गांडल, कुंडली, शरीफपुरा, सीपापुरा, कोठली प्रेमपुरा, नादर किशनपुरा, भालपुर, मोचा, गुरला, रामनगर, लिवाली और कमारी खुर्द सहित अन्य गांव शामिल हैं। इन गांवों की कुल 330.793 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
परियोजना में यातायात को सुगम बनाने के लिए कई तरह की संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत 30 छोटे-बड़े पुल, 7 रेलवे ओवरब्रिज और 10 फ्लाईओवर बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा इंटरचेंज और अंडरपास की व्यवस्था भी होगी, ताकि स्थानीय सड़कों और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बनी रहे।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनने से ब्यावर से भरतपुर के बीच सीधा संपर्क विकसित होगा। इससे मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने और यात्रा समय घटने की उम्मीद है। साथ ही कृषि उपज, औद्योगिक सामान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के परिवहन को भी गति मिलेगी। पर्यटन और व्यापार के लिहाज से भी यह परियोजना पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के बीच महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।
भरतपुर-ब्यावर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। यह सवाई माधोपुर जिले के करीब 26 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। -रिंकू मीणा, कार्यवाहक सहायक अभियंता, आरएसआरडीसी।