सवाई माधोपुर

Rajasthan: ‘कांग्रेस MLA ने दी लड़ाई को गलत दिशा… लोग रखें बड़ा दिल’ BJP नेता बोले- पांचना बांध पर राजनीति ठीक नहीं

Sawai Madhopur News: भाजपा नेता ने महिला आरक्षण बिल, सड़क, पानी और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस व विधायक रामकेश मीणा पर तीखे आरोप लगाए।
2 min read
BJP District President Mansingh Gurjar
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर। फोटो: पत्रिका

गंगापुरसिटी। भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने पत्रकार वार्ता में महिला आरक्षण बिल, सड़क, पानी और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस व विधायक रामकेश मीणा पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक केवल बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि जनता को मूलभूत सुविधाओं की दरकार है। गुर्जर ने चुनौती दी कि विधायक अन्य स्थानों की बात छोड़कर अपने निवास के सामने ही पक्का बड़ा नाला बनवाएं, ताकि बाजार से बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित हो सके।

गुर्जर ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस ने हमेशा दोहरी राजनीति की है। उन्होंने बताया कि यह बिल पहली बार 1996 में पेश हुआ, लेकिन विपक्ष ने इसे पारित नहीं होने दिया। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान भी प्रयास विफल रहे। यूपीए सरकार में राज्यसभा से पारित होने के बावजूद लोकसभा में आगे नहीं बढ़ाया गया। अंततः 19 सितंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिल पारित हुआ, लेकिन कांग्रेस ने इसके 2026 में लागू होने वाले प्रावधानों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बिल पास होता तो गांव-ढाणी की कमजोर व वंचित महिलाएं भी मुख्यधारा में अपनी बात रख पातीं।

पांचना बांध पर राजनीति ठीक नहीं

जिलाध्यक्ष गुर्जर ने विधायक मीणा के बयानों को तथ्यों से परे बताया। उन्होंने कहा कि 2020 में जनहित याचिका के बाद पानी छोड़ा गया, लेकिन बाद में बंद कर दिया गया। 2022 में विधायक ने भी याचिका दायर की थी, जिसमें 90 प्रतिशत मुआवजे की मांग रखी गई। 2023 में मुख्यमंत्री के सलाहकार रहते हुए भी बांध से पानी नहीं खुलवा सके। उनके जल वितरण कमेटी के सदस्य रहते एसपी-कलक्टर ने क्या रिपोर्ट दीं, वह किसी सी छुपी नहीं है।

उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के साथ ही संवेदनशील मुद्दा है। विधायक रामकेश की बयानबाजी व्यक्तिगत लीडरशिप के लिए हो सकती हैं, लेकिन उनको संयम बरतना चाहिए। उन्होंने पांचना की लड़ाई को गलत दिशा देने का काम किया है। वर्तमान मामले में वे सिर्फ मीडिया में बयानबाजी कर वाहवाही लेने का काम कर रहे है, जबकि सुनवाई में उनका वकील भी नहीं पहुंचा। इस मामले में पांचना के लोगों को भी बड़ा दिल रखना चाहिए।

वसुंधरा सरकार में मिला चम्बल का पानी

जिलाध्यक्ष ने कहा कि 2017 में वसुंधरा राजे सरकार के दौरान गंगापुरसिटी को चंबल का पानी मिला था। कांग्रेस सरकार आने के बाद परियोजना ठप हो गई। अब भाजपा सरकार ने 15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं, जिससे पंपसेट लगाकर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। रामकेश मीना विधायक रहते हुए अपनी सरकार में इस परियाेजना के लिए राशि नहीं दिला पाए, अन्यथा अब तक जनता को इसका पूरा लाभ मिल रहा होता।

कुशालगढ़ व सड़कों के लिए जारी कराया बजट

उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब है। उनके कार्यकाल में सड़कों के नाम पर आए पैसे का कोई पता ही नहीं है कि कहां लगाया गया। अब जब सड़कों की दशा सुधर रही है तो यह बात उनको पच नहीं रही है। गुर्जर ने आरोप लगाया कि विधायक ने उनके कार्यकाल में कुशाल लेक क्षेत्र को एक रुपया तक नहीं दिलाया, जबकि भाजपा सरकार ने अब 1 करोड़ 90 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं और 4 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की योजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जनता को केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस विकास चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाएं और आमजन मतदान के जरिए कांग्रेस को जवाब देंगे। इस दौरान निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास, जिला मोर्चा प्रभारी जमनालाल वैष्णव और भाजपा महिला मोर्चा की राधा दीक्षित सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
27 Apr 2026 11:29 am
Published on:
27 Apr 2026 11:29 am