सवाई माधोपुर

‘नाम हटा दूंगा, 1 लाख दो…’ सवाई माधोपुर में 70 हजार रुपए रिश्वत लेते आरक्षक अरेस्ट, चोरी के केस में मांगे थे पैसे

सवाई माधोपुर में एसीबी ने रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में तैनात आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरैशी को 70 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने रेलवे सामान चोरी के मामले में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने के बदले एक लाख रुपए मांगे थे।
2 min read
constable arrested in sawai madhopur
आरोपी आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरैशी (पत्रिका फोटो)

Sawai Madhopur Constable Arrested: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सवाई माधोपुर इकाई ने सोमवार को एक ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी (थाना सवाई माधोपुर) में तैनात आरक्षक (कांस्टेबल) मोहम्मद नदीम कुरैशी को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।

चोरी के मामले में नाम हटाने के एवज में मांगी थी घूस

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि सवाई माधोपुर स्थित ब्यूरो चौकी पर परिवादी ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लाखेरी रेलवे पुलिस चौकी में दर्ज रेलवे सामान चोरी के एक प्रकरण में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने और मामले को रफा-दफा करने की एवज में आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरैशी 1 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसीबी की टीम ने 25 अगस्त को गुप्त रूप से रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान सामने आया कि आरोपी आरक्षक ने सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन पर पेशी की तारीख के दौरान परिवादी पर घूस देने का दबाव बनाया था। परिवादी द्वारा राशि कम करने के आग्रह पर आरोपी पहले 80 हजार रुपए और अंततः 70 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।

घर पहुंचकर ली रिश्वत, ACB ने बिछाया जाल

सोमवार को रिश्वत राशि लेने के लिए आरोपी कांस्टेबल ने परिवादी से संपर्क किया और स्वयं उसके घर आकर राशि लेने की बात कही। सूचना मिलते ही एसीबी की टीम ने सतर्कता बरतते हुए परिवादी के मकान के आसपास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी कांस्टेबल परिवादी के घर पहुंचा और उसने 70 हजार रुपए की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। मौके पर ही रिश्वत की राशि सकुशल बरामद कर ली गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई जारी

यह संपूर्ण कार्रवाई एसीबी भरतपुर परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रामेश्वर परिहार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अंजाम दी गई। वर्तमान में एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ADG) स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस (IG) एस. परिमला के निर्देशन में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है।

आमजन से ACB की अपील

कार्रवाई के पश्चात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी लोक सेवक (सरकारी कर्मचारी/अधिकारी) किसी वैध कार्य को करने के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। नागरिक एसीबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9413502834 पर 24 घंटे किसी भी समय संपर्क कर भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में अपना सहयोग दे सकते हैं।

Updated on:
31 Aug 2026 08:59 pm
Published on:
31 Aug 2026 08:59 pm