
Rajasthan Election Commission : चौथ का बरवाड़ा (सवाई माधोपुर). गांव की सरकार के मुखिया की कुर्सी हासिल करने के लिए इस बार सरपंच पद के चुनाव में बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में उतरे। पंचायत समिति क्षेत्र की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 272 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। 16 नवंबर को मतदान के बाद देर रात तक चली मतगणना में प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला हुआ। चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही कहीं जीत का जश्न मना तो कहीं हार के बाद समर्थकों में मायूसी देखने को मिली। अब चुनावी सरगर्मी थमने के बाद निर्वाचन विभाग ने प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का हिसाब लेना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि चुनावी खर्च का ब्यौरा देने की जिम्मेदारी केवल जीतकर सरपंच बने उम्मीदवारों की ही नहीं है, बल्कि चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों को भी अपने खर्च का पूरा विवरण प्रस्तुत करना होगा। यानी चुनाव में जीत दर्ज करने वाले और हार का सामना करने वाले सभी 272 उम्मीदवारों को निर्वाचन विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत खर्च का हिसाब देना अनिवार्य है।
निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश वर्मा ने बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने की तिथि से 15 दिन के भीतर प्रत्येक प्रत्याशी को चुनाव में किए गए खर्च का विवरण प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए सभी प्रत्याशियों को सवाई माधोपुर जिला कलक्टर कार्यालय में पहुंचकर अपना चुनावी खर्च का ब्यौरा जमा करवाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में खर्च का विवरण प्रस्तुत करना सभी प्रत्याशियों के लिए आवश्यक है।
निर्वाचन विभाग की ओर से प्रत्याशियों को खर्च का विवरण जमा करवाने के साथ उसकी रसीद प्राप्त करने की भी सलाह दी गई है। ताकि भविष्य में चुनाव लड़ने के दौरान खर्च के ब्यौरे को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए। ऐसे में चुनाव परिणाम के बाद अब प्रत्याशियों के सामने चुनावी खर्च का हिसाब निर्वाचन विभाग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी आ गई है।