सवाई माधोपुर

राजस्थान को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, प्रयागराज से सूरत तक का सफर होगा आसान

Amrit Bharat Express: प्रयागराज से उधना के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन से राजस्थान के कई प्रमुख शहरों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। बयाना, हिंडौनसिटी, गंगापुरसिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी और भवानी मंडी के यात्रियों को प्रयागराज से लेकर गुजरात के सूरत-उधना तक सीधी ट्रेन सुविधा का लाभ मिलेगा।
2 min read
amrit bharat express
Amrit Bharat Express: फाइल फोटो-पत्रिका

गंगापुरसिटी। राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल प्रशासन ने प्रयागराज-उधना के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित सेवा में बदलने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में साप्ताहिक संचालित होगी। नई ट्रेन के शुरू होने से राजस्थान के कई प्रमुख शहरों के यात्रियों को प्रयागराज, गुजरात और रास्ते में आने वाले प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

इस ट्रेन का राजस्थान के 7 रेलवे स्टेशनों पर ठहराव होगा, जिनमें बयाना, हिंडौनसिटी, गंगापुरसिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी और भवानी मंडी स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के आसपास के यात्रियों को इस ट्रेन का बड़ा फायदा मिलेगा। ट्रेन के नियमित संचालन से इन शहरों से प्रयागराज और उधना के बीच यात्रा करना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

24 अगस्त से शुरू होगी सेवा

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 20437 प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस 24 अगस्त 2026 से प्रत्येक सोमवार को प्रयागराज से रवाना होगी। ट्रेन प्रयागराज से 05:20 बजे चलकर बयाना 14:43 बजे, हिंडौनसिटी 15:03 बजे, गंगापुरसिटी 15:40 बजे, सवाई माधोपुर 16:28 बजे, कोटा 17:40 बजे, रामगंज मंडी 18:33 बजे और भवानी मंडी 18:53 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन 04:05 बजे उधना पहुंचेगी।

वापसी का टाइम टेबल

वापसी में गाड़ी संख्या 20438 उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस 25 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार को उधना से चलेगी। यह ट्रेन 06:45 बजे उधना से रवाना होकर भवानी मंडी 14:48 बजे, रामगंज मंडी 15:05 बजे, कोटा 16:20 बजे, सवाई माधोपुर 17:43 बजे, गंगापुरसिटी 18:25 बजे, हिंडौनसिटी 19:03 बजे और बयाना 20:15 बजे पहुंचेगी। अगले दिन 07:30 बजे ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, हिंडौनसिटी, गंगापुरसिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, सूरत और उधना स्टेशनों पर रहेगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस की इस नई सेवा से राजस्थान के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच आवागमन के लिए एक अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल विकल्प मिलेगा।

Updated on:
19 Aug 2026 08:55 pm
Published on:
19 Aug 2026 08:52 pm