सवाई माधोपुर

Panchna Water Dispute : पांचना जल विवाद का हल निकलने की उम्मीद, भरतपुर में आज किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक

Panchna Water Dispute : राजस्थान में पांचना जल विवाद के समाधान के लिए किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आज गुरुवार सायं 5 बजे बुलाई गई है। बैठक संभागीय आयुक्त कार्यालय, भरतपुर में आयोजित की जाएगी।

2 min read
Rajasthan Panchana water dispute solution Bharatpur farmer representative meeting today
Sawaimadhopur Panchna Water Dispute : किसानों का प्रदर्शन। फाइल फोटो पत्रिका

Sawaimadhopur Panchna Water Dispute : राज्य सरकार के निर्देश पर पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग एवं जल बंटवारे से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में जिला कलक्टर सवाईमाधोपुर काना राम, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पांचना बांध के जल प्रबंधन, कमांड एवं कैचमेंट क्षेत्र के हितों तथा वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संभागीय आयुक्त ने बताया कि दोनों जिलों के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विवाद के शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मत समाधान के लिए गुरुवार 18 जून को सायं 5 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय, भरतपुर में किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।

जिला कलक्टर सवाईमाधोपुर कानाराम ने बताया कि संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों जिलों के किसान प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने किसान प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने की अपील की है, ताकि संवाद एवं आपसी सहमति के माध्यम से सकारात्मक एवं स्थायी समाधान निकाला जा सके।

किसानों की मांगों पर विशेष चर्चा

बैठक में उन 39 गांवों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिनके लिए राज्य सरकार की ओर से बजट घोषणाएं की गई हैं। इसके अलावा कमांड क्षेत्र के किसानों की उन मांगों पर भी विचार किया गया, जो लंबे समय से नहरों में सिंचाई का पानी छोड़े जाने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने दी चेतावनी

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पांचना बांध से नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों ने राज्य सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं किसान महापंचायत का धरना लगातार 12वें दिन भी जारी है और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसानों का समर्थन बढ़ता जा रहा है।

सोमवार को किसानों और ग्रामीणों ने खण्डीप रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा तथा अवध एक्सप्रेस को बीच मार्ग में रोकना पड़ा था। गौरतलब है कि पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर खंडीप में किसानों का धरना जारी है। प्रतिदिन नए गांवों के लोग आंदोलन से जुड़ रहे हैं, जिससे इसका दायरा लगातार विस्तार ले रहा है।

Published on:
18 Jun 2026 08:15 am