
Rajasthan Zila Pramukh Election Process: राजस्थान में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणामों के बाद अब सत्ता की अगली तस्वीर तय होने जा रही है। जिला प्रमुख से लेकर प्रधान तक की कुर्सियों पर काबिज होने के लिए सियासी जोड़-तोड़ और रणनीतियों का दौर शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके तहत 25 नवम्बर को जिला प्रमुख और 26 नवम्बर को उप जिला प्रमुख का निर्वाचन होगा।
वहीं, 27 नवम्बर को पंचायत समितियों में प्रधान तथा 28 नवम्बर को उप प्रधान चुने जाएंगे। इन चुनावों के साथ ही जिले की ग्रामीण सरकार का नेतृत्व तय हो जाएगा। जिला प्रमुख व उप जिला प्रमुख चुनाव हेतु बैठक का आयोजन जिला परिषद हॉल तथा प्रधान व उप प्रधान चुनाव हेतु बैठक का आयोजन संबंधित क्षेत्र के पंचायत समिति सभागार में होगा।
सवाईमाधोपुर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख का निर्वाचन जिला परिषद सभागार में होगा। वहीं, पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान के चुनाव संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर कराए जाएंगे। सभी स्थानों पर निर्वाचन प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू होगी।
सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
निर्विरोध निर्वाचन नहीं होने की स्थिति में अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिला प्रमुख चुनाव के लिए जिला परिषद सदस्य वोट डालेंगे। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। सवाईमाधोपुर जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला परिषद सभागार में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पंचायत समितियों में चुनाव की तैयारियों की जिम्मेदारी संबंधित विकास अधिकारियों को सौंपी है।