
सवाई माधोपुर। रणथंभौर अभयारण्य के इंडाला वन क्षेत्र में स्टंट के लिए चर्चित चट्टान का बड़ा हिस्सा शनिवार देर शाम हुई भारी बारिश के दौरान भरभराकर गिर गया। मिट्टी के कटाव के कारण चट्टान का करीब आधा हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। राहत की बात यह रही कि वन विभाग की ओर से चट्टान के आसपास सख्ती और निगरानी शुरू किए जाने के कारण घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। ऐसे में बड़ा हादसा टल गया।
पीर बाबा दरगाह के मुख्य गेट के समीप स्थित इस चट्टान पर युवाओं के जान जोखिम में डालकर स्टंट करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वीडियो में युवा चट्टान पर लटकते और खतरनाक तरीके से वीडियो बनाते नजर आए थे। मामला सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए चट्टान के आसपास निगरानी बढ़ा दी।
इस मामले में राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ। विभाग ने चट्टान के आसपास चार जवानों की तैनाती कर दी। जवान लगातार इलाके में निगरानी कर रहे हैं और युवाओं को चट्टान की ओर जाने से रोक रहे हैं। विभाग की ओर से यहां लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और पोस्ट को खंगालकर स्टंट करने वाले युवाओं की पहचान करने में जुटी है। संबंधित युवाओं से सोशल मीडिया पर अपलोड की गई रील हटवाई जा रही हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में इस तरह के जानलेवा स्टंट नहीं करने की समझाइश दी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, चट्टान पर लटककर या अन्य खतरनाक तरीके से वीडियो बनाने वालों के खिलाफ शांतिभंग के तहत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। वन विभाग का कहना है कि पर्यटकों और स्थानीय युवाओं की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे जोखिम भरे स्टंट को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी।
रेंजर विजय मीणा ने बताया कि चट्टान के आसपास किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चार जवान तैनात किए गए हैं। युवाओं की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश के बाद चट्टान का हिस्सा गिरने की घटना ने भी यह साफ कर दिया है कि यहां स्टंट करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।