सवाई माधोपुर

राजस्थान के 1256 गांव और 6 कस्बों को मिलेगा ईसरदा का पानी, नई लाइन बिछाने के लिए भूमि अवाप्ति प्रक्रिया तेज

Isarda-Dausa Drinking Water Project: सवाईमाधोपुर कलक्टर ने ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावित खातेदारों को मुआवजा राशि शीघ्र वितरित की जाएं।

2 min read
Isarda-Dausa Drinking Water Project (3)
ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना। फोटो: पत्रिका

Sawai Madhopur News: सवाईमाधोपुर जिले में चल रही ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना के कार्यों का जिला कलक्टर कानाराम ने मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएच-148एन पर एचडीडी (हॉरिजॉन्टल डायरेक्शनल ड्रिलिंग) पद्धति से किए जा रहे रोड क्रॉसिंग कार्य का अवलोकन किया और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।

सवाईमाधोपुर जिला कलक्टर ने परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी प्रशासनिक समन्वय की आवश्यकता है, वहां त्वरित कार्रवाई हो।

अधिशाषी अभियंता, परियोजना खण्ड उनियारा ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के लिए बौंली और चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्रों में भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया जारी है। मुआवजा राशि संबंधित भूमि अवाप्ति अधिकारियों के खाते में जमा करवा दी है।

ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना का निरीक्षण करते सवाईमाधोपुर जिला कलक्टर। फोटो: पत्रिका

खातेदारों को मुआवजा राशि शीघ्र देने के निर्देश

कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी बौंली को निर्देश दिए कि प्रभावित खातेदारों को मुआवजा राशि शीघ्र वितरित कर भूमि का कब्जा विभाग को सुपुर्द कराया जाए, ताकि परियोजना कार्यों को गति मिल सके और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।

उन्होंने कहा कि ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना दौसा और सवाईमाधोपुर जिलों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने की महत्वपूर्ण योजना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराएं।

35.13 लाख लोगों को मिलेगी पेयजल की सुविधा

बता दें कि ईसरदा–दौसा पेयजल परियोजना से 35.13 लाख लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से कुल 1,256 गांव और 6 कस्बों को पानी मिलेगा। जिनमें दौसा जिले के 1079 गांव व 5 कस्बे और सवाईमाधोपुर जिले के 177 गांव व एक कस्बा शामिल है। इसके लिए 3 लाख 6 हजार 198 नल कनेक्शन प्रस्तावित हैं।

Updated on:
06 Mar 2026 07:15 pm
Published on:
06 Mar 2026 01:49 pm