
सवाई माधोपुर। जिले में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शहर के राजबाग क्षेत्र स्थित एक फर्म से करीब 2 लाख रुपए बाजार मूल्य की नकली दवाओं का स्टॉक जब्त किया है। यह कार्रवाई मैसर्स एस.बी. एसोसिएट पर की गई। प्रारंभिक जांच में दवा की मार्केटिंग करने वाली फर्म और निर्माता फर्म का संबंध अहमदाबाद से सामने आया है। अब विभाग दवा की आपूर्ति श्रृंखला खंगालने में जुटा है।
सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से जिले में नकली औषधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत औषधि नियंत्रण अधिकारी सिंधु शर्मा ने पूर्व में निरीक्षण और जांच के दौरान संबंधित दवा का नमूना संग्रहित किया था। इस नमूने को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था।
प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में दवा का नमूना नकली पाए जाने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजबाग स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट पर छापा मारा। यहां उपलब्ध संबंधित दवा का स्टॉक बरामद कर जब्त कर लिया गया। जब्त दवाओं का बाजार मूल्य करीब 2 लाख रुपए बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में संबंधित दवा की मार्केटिंग करने वाली फर्म और निर्माता फर्म अहमदाबाद की होना सामने आया है। ऐसे में विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि दवा का निर्माण कहां हुआ, इसकी आपूर्ति किन माध्यमों से की गई और जिले में इसका वितरण कहां-कहां किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दवा के स्रोत और पूरी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है, ताकि नकली दवाओं के नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जांच में अन्य फर्मों या कारोबारियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
विभाग ने जब्त की गई नकली औषधि को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। औषधि नियंत्रण विभाग की इस कार्रवाई से नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है। साथ ही विभाग की जांच अब दवा के स्थानीय स्टॉक से आगे बढ़कर उसके निर्माण और आपूर्ति से जुड़े स्रोतों पर केंद्रित हो गई है।