सवाई माधोपुर

सवाईमाधोपुर में 2 दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश, प्राइवेट कर्मचारियों को भी मिलेगी पेड लीव, जानें वजह

राजस्थान के सवाई माधोपुर में 14 और 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। पंचायतीराज चुनाव के चलते निजी कर्मचारियों को भी बिना सैलरी कटे छुट्टी मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 3:49 PM IST
Sawai Madhopur Holiday News
Ai Generated Image

सवाई माधोपुर। राजस्थान के सवाई माधोपुर में 14 और 16 नवंबर को यानी दो दिन छुट्टी रहेगी। इन दोनों दिन संबंधित इलाकों के सरकारी और अर्द्धसरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। वहीं, प्राइवेट कंपनियों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी छुट्टी मिलेगी। खास बात यह है कि इस छुट्टी के पैसे भी नहीं कटेंगे, यानी कर्मचारियों को पेड लीव मिलेगी।

छुट्टी के पीछे की वजह

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार चतुर्थ चरण में 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। इसी वजह से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में दोनों मतदान तिथियों पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।

प्राइवेट कर्मचारियों को भी मिलेगी पेड लीव

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा औद्योगिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सवैतनिक अवकाश देना अनिवार्य होगा। इसमें आकस्मिक कामगार भी शामिल हैं।

ऐसे कर्मचारी जो संबंधित पंचायती राज निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं, लेकिन नौकरी के कारण अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर किसी दूसरे स्थान पर काम कर रहे हैं, उन्हें भी नियमानुसार मतदान के लिए पेड लीव मिलेगी।

छुट्टी नहीं देने पर होगी कार्रवाई

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई नियोजक मतदान के दिन पात्र कर्मचारी को वोट डालने के लिए अवकाश नहीं देता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो सकती है। ऐसे मामलों में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को तथ्यात्मक जानकारी के साथ शिकायत दी जा सकती है।

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और नियोजकों से मतदान के दिन कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश देने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने को कहा है।

मतदान को लेकर तैयारियां हुई पूरी

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के निर्देशन में मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रातः 7 बजे से सांय 6 बजे तक मतदान होगा। साथ ही पंच/सरपंच के लिए 16 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं उप सरपंच के लिए 17, जिला प्रमुख के लिए 25, उप जिला प्रमुख के लिए 26, प्रधान के लिए 27 एवं उप प्रधान के लिए 28 नवम्बर को चुनाव होगा। चतुर्थ चरण में जिला परिषद के 15 वार्डों के लिए मतदान होगा। वहीं पंचायत समिति सदस्य के 78 निर्वाचन क्षेत्रों में 293 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें सवाई माधोपुर पंचायत समिति के 23 वार्डों में 82 प्रत्याशी, चौथ का बरवाड़ा के 21 वार्डों में 61 प्रत्याशी, गंगापुर सिटी के 19 वार्डों में 63 और वजीरपुर के 15 वार्डों में 87 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है।




Also Read
View All
सवाईमाधोपुर में नवनिर्वाचित सरपंच को मंदिर में घुसकर पीटा, बीच-बचाव करने आई पत्नी से भी मारपीट और अभद्रता

Rajasthan News: ’30 करोड़ की सड़क- 30 दिन में खस्ताहाल’, ग्रामीणों की शिकायत पर मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा का ‘रिएलिटी चेक’

Rajasthan: पानी में बह गए डेढ़ करोड़ के वातानुकूलित टेंट, 3 साल पहले हुए थे तैयार, चंबल अभयारण्य में नाइट स्टे पर ब्रेक

राजस्थान के सवाईमाधोपुर में बिक रहा पशु चारे से बना बिस्किट! खाद्य सुरक्षा विभाग ने अब तक नहीं लिए सैंपल

सवाई माधोपुर जिले में यहां बनेगा नया रोडवेज बस स्टैंड, बड़ी संख्या में यात्रियों को मिलेगी सुविधा, जल्द शुरू होगा निर्माण