
Lalsot Gangapur Highway Accident: बामनवास (सवाईमाधोपुर)। लालसोट-गंगापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खेड़ली ग्राम पंचायत के नागरहेड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से थ्री-व्हीलर टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में टेंपो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें 35 वर्षीय शाहरुख पुत्र अब्दुल निवासी बामनवास, हाल निवासी बगराना थाना कानोता की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सभी लोग जयपुर के बगराना से टेंपो में सवार होकर गंगापुरसिटी में अपने मामा के निधन पर आयोजित शोक सभा में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के बाद वापस जयपुर लौटते समय नागरहेड़ा के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।
हादसे में महबूब पुत्र शहाबुद्दीन (46) निवासी राम रहीम कॉलोनी, लाटा हाउस, उदेई मोड़ गंगापुरसिटी, शाहरुख पुत्र अब्दुल (35), रिजवान पत्नी एहसान (30), तीन वर्षीय असनैन तथा इरफान पुत्र अली मोहम्मद निवासी बगराना थाना कानोता जयपुर घायल हुए।
सूचना पर बामनवास थाना पुलिस के एएसआई हेमंत कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शाहरुख की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले शाहरुख की शादी अभी करीब चार माह पहले ही हुई थी। वह टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे में उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। कम उम्र में ही परिवार का सहारा छिन जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।