सवाई माधोपुर

सवाईमाधोपुर; युवक की झुलसने से मौत, आरोप: जिंदा जलाया…पुलिस मान रही आत्मदाह

राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के धनौली गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के टेक की झोंपड़ी निवासी युवक लोकेश मीणा (28) पुत्र हीराचंद मीना की झुलसने से मौत हो गई।
2 min read
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

सवाई माधोपुर । राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के धनौली गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है । मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के टेक की झोंपड़ी निवासी युवक लोकेश मीणा (28) पुत्र हीराचंद मीना की झुलसने से मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।

युवक का दावा- उधार दिए सात लाख रुपए लेने गया था

मृतक युवक के पुलिस को दिए अंतिम बयानों के अनुसार वह धनौली गांव में सोमवार शाम को अपने उधार दिए सात लाख रुपए लेने गया था। इस दौरान आरोपियों ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इससे वह 80 प्रतिशत तक झुलस गया। युवक ने दम्पती, युवती तथा उसके भाई पर आरोप लगाया है।

जयपुर में उपचार के दौरान तोड़ा दम

इधर, घटना में लोकेश मीणा बुरी तरह से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सवाईमाधोपुर चिकित्सालय में भर्ती कराया, हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। वहां पर उपचार के दौरान की मौत हो गई। वहीं पुलिस इस मामले को अलग नजरिए से देख रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस प्रकरण को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मानते हुए आत्मदाह का मामला बता रही है।

घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश

घटना के बाद मृतक के गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। लोगों में भारी आक्रोश है और परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

इनका कहना है

सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि जिंदा जलाने जैसी कोई बात नहीं है। इसकी पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर युवक-युवती प्रेम प्रसंग में थे। लड़का शादी करना चाहता था। लड़की के परिजन गोत्र के कारण सहमति नहीं दे रहे थे। लड़के ने स्वयं ने ही आत्मदाह किया है। बयान तो कोई कुछ भी दे सकता है। हम तो काफी समय से इसे मॉनिटर कर रहे थे।

Updated on:
24 Mar 2026 07:38 pm
Published on:
24 Mar 2026 07:37 pm