सिवनी

‘TI से लड़ के करवाया काम, आपको हर बार होती है आपत्ति’, छपारा में शौचालय बनवाने को लेकर भाजपा नेता से भिड़ी CMO

BJP leader-CMO clash viral video: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष और सीएमओ आमने-सामने आ गए। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 10:43 AM IST
Feature image
BJP leader-CMO clash viral video: शौचालय बनवाने को लेकर भाजपा नेता से भिड़ी CMO (फोटो सोर्स- Patrika)

BJP leader-CMO clash viral video: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के नगर परिषद छपारा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष और सीएमओ के बीच गहमा-गहमी का वीडियो सामने आया है। इस मामले के सामने आने से स्थानीय राजनीति और अधिकारियों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सीएमओ गीता वाल्मीकि, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह ठाकुर को निर्माण कार्य में बाधा डालने पर जवाब देती दिख रही हैं।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने निर्माण कार्य को रोका, सीएमओ ने निकाली भड़ास

जानकारी के अनुसार नगर में शौचालय का निर्माण कार्य 16 अक्टूबर को नगर परिषद अध्यक्ष निशा पटेल, उपाध्यक्ष ठाकुर शिवकांत सिंह और वार्ड की पार्षद सोनल चंदू श्रीवास्त्री की मौजूदगी में शुरू किया गया था। नगर परिषद की ओर से शुरू किए गए इस निर्माण कार्य के करीब 11 दिन बाद 27 अक्टूबर मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह ठाकुर कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और शौचालय निर्माण कार्य बंद कराने की बात कही, जिसके बाद सीएमओ ने विकास कार्यों में अड़ंगा लगाने पर जमकर भड़ास निकाली।

वायरल हुआ गहमा-गहमी का वीडियो

वायरल वीडियो में सीएमओ वाल्मीकि ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पूर्व में टंकी निर्माण के दौरान भी काम रोका जा रहा था और अब शौचालय निर्माण को लेकर भी आपत्ति की जा रही है। सीएमओ ने कहा कि मैं टीआई से लड़कर यहां काम करवा रही हूं। आप लोग हर चीज में अड़ंगा लगाते है। उन्होंने इसी मुद्दे पर मंडल अध्यक्ष के सामने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी। उनके जवाब का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

लोगों खड़े कर रहे बड़े सवाल

नगर परिषद में अध्यक्ष निशा पटेल और उपाध्यक्ष ठाकुर शिवाकांत सिंह जैसे भाजपा समर्थित नेतृत्व होने के बावजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष और प्रशासन के बीच यह टकराव नगर में कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों के बीच यह चर्चा है कि जब नगर में भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों की भूमिका है, तो फिर नगर परिषद के कार्यों को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष और प्रशासन के बीच टकराव क्यों हो रहा है। हालांकि मंडल अध्यक्ष की ओर से शौचालय निर्माण पर आपत्ति के कारणों और निर्माण कार्य बंद कराने की मांग को लेकर विस्तृत पक्ष सामने आना अभी बाकी है। अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।

Updated on:
29 Oct 2026, 10:43 AM IST
Published on: