
Seoni Fire News: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, यहां दीपावली की रात घर में आग लगने से परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। घटना सिवनी के छपारा की है जहां महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में एक मकान में आग लगी और परिवार के 6 सदस्यों की आग में जलने से मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं व दो पुरुष शामिल हैं। वहीं परिवार के 4 सदस्यों को किसी तरह सुरक्षित बचाया गया है। घटना के बाद से पूरे नगर में मातम पसरा हुआ है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक छपारा के महावीर वार्ड में रहने वाले सराफा व्यापारी कुंदन सोनी का परिवार दीपावली की रात त्योहार मनाकर सोया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब लोगों ने घर को आग की लपटों में घिरा देखा तो हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। घटना के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे जिनमें से 4 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 6 की जलने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45), आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। जबकि अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43), आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित रेस्क्यू कर बचा लिया गया।
घर में आग कैसे लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही केवलारी से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। दीपावली की रात हुई इस दुखद घटना से पूरे नगर में शोक का माहौल है और अपनों को खोने वाले सराफा व्यापारी के परिवार में मातम पसरा हुआ है।