
Seoni Father Daughter Death: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के खापा गांव में शुक्रवार को हुए हादसे के दूसरे दिन शनिवार को भी सन्नाटा पसरा रहा। जन्माष्टमी पर हुए हादसे ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है, शनिवार को शोकाकुल परिवार से मिलने के लिए रिश्तेदारों और गांव के लोगों का आना-जाना लगा रहा। घर में रिश्तेदारों की मौजूदगी के बीच रखी पिता-बेटी की तस्वीर देख हर किसी का दिल रो पड़ा। पिता-पुत्री के एक साथ निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
खापा गांव में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन उस वक्त खुशियों की जगह मातम पसर गया था जब पानी भरने कुएं पर गई 20 वर्षीय युवती चेतना पटले का अचानक पैर फिसला और वह कुएं के गहरे पानी में जा गिरी। बेटी को डूबता देख पिता रोशन लाल ने तुरंत कुएं में छलांग लगा दी लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वो बेटी और खुद को बचा नहीं पाए। पिता ने आखिरी सांस तक बेटी को बचाने की कोशिश की लेकिन कोई मदद न मिलने और कुएं में पानी अधिक होने से दोनों की जान चली गई।
परिजनों ने बताया कि चेतना पटले सिवनी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी, जब चेतना कुएं में गिरी तो उसने मदद के लिए आवाज लगाई, आवाज सुनकर रोशन लाल कुएं के पास पहुंचे और बेटी को बचाने के लिए कुएं में उतर गए थे। घटना का पता चलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और पिता रोशन लाल व बेटी चेतना दोनों को मशक्कत के बाद कुएं से मृत अवस्था में बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद पिता-पुत्री के शव परिजनों को सौंप दिए गए जिसके बाद गांव में जब घर से एक साथ पिता-बेटी की अर्थी उठी तो पूरा गांव रो पड़ा।