
शहडोल। कामकाज और व्यस्तता के बीच भी पढ़ाई की ललक रखने वाले छात्र- छात्राओं के लिए राहतभरी खबर है। प्राइवेट कोर्सो के लिए अब शहडोल संभाग के छात्र - छात्राओं को रीवा और अन्य महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। दरअसल कॉलेज से यूनिवर्सिटी में अपग्रेड होने के बाद अब पंडित शंभूनाथ शुक्ल यूनिवर्सिटी ने प्राइवेट कोर्स संचालित करने की तैयारी कर रही है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने प्राइवेट कोर्सो के शुरू करने को लेकर प्रस्ताव भेजा था, जिसके बाद हरी झण्डी मिल गई है। यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ अनिल सक्सेना के अनुसार सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले शिक्षण सत्र जुलाई से ही यूनिवर्सिटी में प्राइवेट कोर्स और परीक्षाएं कराई जाएंगी। यूनिवर्सिटी में प्राइवेट कोर्स शुरू होने से हर साल एक हजार से ज्यादा छात्र- छात्राओं को सहूलियत होगी। प्रबंधन ने कोर्स शुरू करने से संबंधित अपने स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रीवा के नहीं लगाना होगा चक्कर
अब तक छात्र - छात्राओं को प्राइवेट कोर्स करने के लिए रीवा यूनिवर्सिटी का सहारा लेना पड़ता था। संभाग के शहडोल उमरिया और अनूपपुर के छात्र छात्राओं को कोर्स करने के लिए एपीएस यूनिवर्सिटी पर निर्भर रहना पड़ता था। शहडोल यूनिवर्सिटी में प्राइवेट कोर्स शुरू हो जाने से यहां लोगों को सहूलियत होगी और आसानी से शहडोल में ही रहकर प्राइवेट की पढ़ाई कर सकेंगे।
पहले बीएम बीएससी फिर प्रोफेनल कोर्स
यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अनुसार शुरूआत में बीए बीएससी और बीकॉम कोर्स संचालित किए जाएंगे। इसके बाद डिस्टेंश एजुकेशन में ही पत्रकारिता, टूरिज्म और कई प्रोफेनल कोर्साे को शुरू किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी में प्राइवेट कोर्स शुरू करने की कार्ययोजना बनाई है। इसके लिए स्वीकृति ली थी, जिसे मंजूरी मिल गई है। जल्द ही यूनिवर्सिटी में प्राइवेट कोर्स शुरू किए जाएंगे। इससे छात्र छात्राओं को काफी मदद मिलेगी। पहले बीए, बीएससी और बीकाम कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके बाद अन्य कोर्स पर विचार किया जाएगा।
डॉ मुकेश तिवारी, कुलपति
पंडित शंभूनाथ शुक्ल यूनिवर्सिटी, शहडोल