शाहजहांपुर

वन विभाग के अधिकारी एके जैन की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने की सीबीआई जांच की मांग

एके जैन के भाई विवेक जैन ने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए जब सीबीआई जांच की मांग की है
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 8:14 PM IST
Vivek Jain
वन विभाग के अधिकारी एके जैन की मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने की सीबीआई जांच की मांग

शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे 24 पर सड़क हादसे का शिकार हुए आइएफएस अधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक एके जैन की मौत के मामले में उनके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। इतना ही नहीं वन अधिकारी के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए वन अधिकारी की मौत के मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

ड्राइवर और अर्‌दली सुरक्षित

दरअसल शाहजहांपुर में आज (बुधवार) नेशनल हाईवे 24 पर थाना तिलहर इलाके के नगरिया मोड़ पर आईएफएस अधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक एके जैन नोएडा से लखनऊ जा रहे थे। शाहजहांपुर जिले में नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ पर पहुंचते ही उनकी कार के पीछे चल रहे टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार वन अधिकारी एके जैन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उनका अर्दली संदीप सिंह घायल हो गया। जबकि ख़ास बात ये है कि उनकी कार को चला रहे ड्राइवर नाजिम को खरोंच तक नहीं आई।

हत्या की आशंका

वहीं सूचना के बाद शाहजहांपुर पहुंचे उनके परिजनों ने सीधे एके जैन की मौत को साधारण मौत नहीं बल्कि उनकी हत्या की आशंका जताई है। इतना ही नहीं उनके भाई विवेक जैन ने कहा है एके जैन उत्तर प्रदेश के अधिकारियों और माफियाओं की आंखों में कांटे की तरह खटकते थे और आए दिन उन्हें हत्या की धमकियां भी मिलती थीं। विवेक जैन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पुलिस की जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है और वह उत्तर प्रदेश सरकार से सीबीआई जांच की मांग करेंगे ताकि उनके ईमानदार भाई को न्याय मिल सके।

सीबीआई जांच की मांग

वहीं दूसरी ओर शाहजहांपुर पुलिस एके जैन की मौत को सड़क हादशा मान खानापूर्ति करने में जुटी हुई है लेकिन अब जब उनके परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है तो पुलिस में हड़कंप मच गया है। एके जैन के भाई विवेक जैन ने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए जब सीबीआई जांच की मांग की है तो शाहजहांपुर के पुलिस अधिकारी अब इस मामले पर गहराई से जांच करने की बात कर रहे हैंं।

Published on: