
Rajpal Yadav Niece Wedding News: राजपाल यादव के परिवार में खुशियों का माहौल है, लेकिन एक तरफ दुख भी छाया हुआ है। बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव अभी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। उनके बड़े भाई श्रीपाल यादव की बेटी यानी राजपाल की भतीजी की शादी 19 फरवरी 2026 को होने वाली है। यह शादी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कुंडरा गांव में हो रही है, जो राजपाल यादव का पैतृक गांव है।
परिवार वाले शादी की तैयारियां पूरी जोश के साथ कर रहे हैं। गांव में जश्न का माहौल है। घर को सजाने-सँवारने और अन्य कामों के लिए 50 से ज्यादा मजदूर लगे हुए हैं। ढोल-नगाड़ों की आवाजें गूंज रही हैं और हर तरफ खुशी की लहर है। श्रीपाल यादव और पूरा परिवार इस खुशी को मनाने में जुटा है। वे चाहते हैं कि शादी धूमधाम से हो और सब कुछ परफेक्ट रहे।
राजपाल यादव चेक बाउंस के एक केस में फंसे हैं, जिसमें लगभग 9 करोड़ रुपये का मामला है। कोर्ट के आदेश पर उन्होंने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए उन्होंने जमानत की अर्जी दी थी। लेकिन 12 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और उन्होंने अपने वादे पूरे नहीं किए, इसलिए जेल में हैं। कोर्ट ने उन्हें फटकार भी लगाई। अब अगली सुनवाई 16 फरवरी को होनी है।
परिवार को पूरी उम्मीद है कि राजपाल जल्द बाहर आ जाएंगे और शादी के जश्न में शामिल होंगे। श्रीपाल यादव ने कहा है कि राजपाल ही शादी के मुख्य आकर्षण हैं। उनके बिना जश्न अधूरा लगेगा। पूरा परिवार भगवान से प्रार्थना कर रहा है कि उन्हें जमानत मिल जाए। बॉलीवुड के कई दोस्त जैसे सलमान खान, अजय देवगन और सोनू सूद भी उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। लेकिन फिलहाल राजपाल जेल में ही हैं। बता दें कि राजपाल यादव के भतीजी की शादी 19 फरवरी को होने वाली है, लेकिन उससे पहले 16 फरवरी को जमानत याचिका पर फिर सुनवाई करेगा और इस फैसले के बाद ही तय होगा कि क्या 19 फरवरी को राजपाल शादी में शामिल हो पाएंगे।