
शाहजहांपुर। चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सेना के जवान गुरूजीत सिंह के नाम पर जिला प्रशासन एक शहीद द्वार का निमार्ण करेगा। साथ ही शहीद जवान के नाम पर एक सड़क भी बनवाई जा रही है। सैनिक के इलाके के लोग प्रशासन की इस पहल से खुश हैं तो वहीं सपा के पूर्व मन्त्री ने योगी सरकार से शहीद जवान के परिवार वालों को पचास लाख रुपए की आर्थिक मदद दिये जाने की मांग की है। वहीं परिवार पहले ही सरकार से मुआवजे की मांग कर चुका है।
दरअसल थाना खुटार के पनौती खुर्द का रहने वाला सैनित गुरूजीत सिंह पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा पर तैनात था। सैन्य अफसरों की मानें तो चीन सीमा पर पैट्रोलिंग के दौरान सैनिक एक पहाड़ी से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। आठ दिन पहले शहीद जवान का सैनिक सम्मान के साथ अन्तिम संस्कार किया गया था। इस दौरान जिला प्रशासन ने शहीद के नाम से शहीद द्वारा बनाने की घोषणा की थी। इसीके चलते जिला प्रशासन द्वारा पुनौती खुर्द मार्ग पर शहीद गुरूजीत सिंह के नाम शहीद द्वारा का शिलान्यास किया गया। इस दौरान शहीद जवान की रेजीमन्ट के कई जवान मौजूद रहे। इतना ही पुनौती खुर्द मार्ग को शहीद गुरूजीत सिंह मार्ग का नाम दिया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का इलाके के लोगों और सैनिकों से स्वागत किया है।
शहीद सैनिक के परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री
इस दौरान शहीद के परिवार से मिलने पहुंचे सपा के पूर्व मन्त्री राम मूर्ति सिंह वर्मा और पूर्व सांसद मिथलेश कुमार ने योगी सरकार और उनके मंत्रियों पर जमकर निशाना साधा। कहा बीजेपी की केंद्र और राज्य दोनों में सरकार है। जनपद में दो दो मंत्री हैं। यहां की सांसद कृष्णा राज केंद्र में मंत्री हैं। वहीं सदर विधायक सुरेश कुमार खन्ना कैबिनेट में नगर विकास मंत्री है लेकिन दोनों मंत्रियों के पास सैनिक के परिवार से मिलने का टाइम नहीं है, जबकि छोटे छोटे उद्घाटन के लिए उनके पास टाइम है। इस दौरान सपा के पूर्व मंत्री ने योगी सरकार से सैनिक के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा और बीस लाख रुपए की तत्काल आर्थिक मदद दिये जाने की मांग की है।