
Shahjahanpur Murder News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में बहन से दोस्ती को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई। कांट क्षेत्र के दिलावरपुर गांव में साइकिल मिस्त्री गौतम मौर्या को फोन कर बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद भाग रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, कमलनयनपुर निवासी गौतम मौर्या शुक्रवार रात करीब 9 बजे दिलावरपुर गांव स्थित अपनी साइकिल मरम्मत की दुकान बंद करने के बाद धान की फसल देखने खेत गए थे। कुछ देर तक बेसहारा पशुओं पर नजर रखने के बाद वह घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सैलून संचालक समीर ने उन्हें फोन कर बुलाया। गौतम जैसे ही तय स्थान पर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने उन्हें घेर लिया।
इससे पहले कि गौतम कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर चाकुओं से कई बार वार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल गौतम को पहले कांट सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद भाग रहे एक आरोपी को आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी भी कांट क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कहा कि गौतम की उसकी बहन से दोस्ती थी, इसको लेकर कई बार टोका भी था। आज मौका पाकर उसने घटना को अंजाम दिया है। हालांकि उसने हत्या अकेले करने की बात कही, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि उसके साथ तीन अन्य युवक भी थे। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मामले में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।वहीं, मृतक के पिता चंद्रपाल ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्हें पहले यह सूचना मिली थी कि उनका बेटा बाइक से गिरकर घायल हो गया है। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर पता चला कि गौतम की हत्या कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से गौतम को पहले कांट सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दिलावरपुर गांव के पास युवक के लहूलुहान पड़े होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।