
शाहजहांपुर। पुलिस ने नेशनल हाईवे-24 और पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। ये गिरोह हाईवे के किनारे खड़े वाहनों से रात में तेल चोरी करने के साथ ही असलहों के बल पर टैंकरों से डीजल लूटने का काम करते थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अऩ्य फरार हो गए हैं। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
वाहनों से लूटते थे तेल
जिले में पिछले कई महीनों से हाईवे पर खड़े वाहनों से रात के वक्त तेल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थी। इसके साथ ही ऑयल डिपो से पेट्रोल पंप तक डीजल पेट्रोल लेकर जाने वाले टैंकर्स से तेल लूटने की घटनाएं सामने आ रही थी। इसी को लेकर पुलिस अधीक्षक केबी सिंह ने कई मुखबिर लगाए। वो खुद इसकी निगरानी कर रहे थे। गुरुवार रात थाना जलालाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे के किनारे कुछ लोग एक ट्रक से डीजल चोरी करने योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तत्काल बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख शातिर लुटेरों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए थाना सदर बाजार के रहने वाले संदीप सक्सेना और शिवम अवस्थी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर इनके दो साथी विकास और लाला भागने में कामयाब हो गए।
दो आरोपियों को भेजा जेल
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुभाष चंद्रा शाक्य ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से एक कार, तेल चोरी करने के उपकरण, अवैध असलहा और कारतूत बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। उनके फरार दो साथियों की तलाश की जा रही है।
हाईवे किनारे है ऑयल डिपो
बता दें कि शाहजहांपुर जिले में नेशनल हाईवे-24 के किनारे इंडियन ऑयल का डिपो है। जहां से शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई के अलावा कई जिलों में डीजल और पेट्रोल की सप्लाई दी जाती है। लुटेरे डिपो से निकलने वाले टैंकर का पीछा कर सूनसान इलाकों में चालक को डरा-धमका कर तेल लूट लेते हैं।